भारत

मांगों को लेकर महाप्रबंधक से मिले रेणुका बांध विस्थापित

Shantanu Roy
5 Jun 2026 4:54 PM IST
मांगों को लेकर महाप्रबंधक से मिले रेणुका बांध विस्थापित
x
श्रीरेणुकाजी। श्रीरेणुकाजी बांध विस्थापित संघर्ष समिति की बैठक वीरवार को अध्यक्ष विजय ठाकुर के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक में समिति ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एचपीपीसीएल के जीएम अनूप शर्मा से वार्ता की। समिति ने हाउसलेस और लैंडलेस विस्थापितों के मुद्दे के साथ-साथ यह मांग रखी कि परियोजना में कार्यरत कंपनी में स्थानीय प्रभावितों को 70 प्रतिशत रोजगार दिया जाए, विशेषकर उन परिवारों को जिनकी जमीन और घर डैम परियोजना में आ रहे हैं। समिति के अनुसार यह क्षेत्र करीब 20 पंचायतों से जुड़ा है। इसके अलावा समिति ने मांग की कि डैम निर्माण के बाद बनने वाली सडक़ में गिरी पार क्षेत्र में 15 से 20 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी को देखते हुए मौथु के आसपास एक पुल का निर्माण किया जाए, जिससे क्षेत्रवासियों की दूरी कम हो सके और आवागमन सुगम हो।
समिति ने यह भी कहा कि हाउसलेस प्रभावितों से जो अंडरटेकिंग ली जा रही है, उसे समाप्त किया जाए और बिना किसी शर्त के उन्हें मुआवजा दिया जाए। बैठक में 100 से अधिक लोगों ने भाग लिया। समिति ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक किसी प्रकार का कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा। समिति ने यह भी बताया कि वे एचपीपीसीएल के सीईओ से मिलने पहुंचे थे, लेकिन वे कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। इस अवसर पर प्रेस सचिव योगी ठाकुर सहित संघर्ष समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।
Next Story