
कानपुर। कानपुर के आवास विकास तीन में यूनियन बैंक से निकल रही महिला का एक युवक एटीएम छीनकर भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर पब्लिक ने युवक को दौड़कार पकड़ लिया और उसे जमकर पीटा। कंट्रोल रूम की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस युवक को लेकर थाने आ गई। युवक के पास से 53 डेबिट कार्ड, आईफोन और बाइक मिली है। पुलिस ने जांच शुरू की तो पकड़ा गया लुटेरा साइबर ठग निकला। उसका साथी लखनऊ से साइबर ठगी में जेल जा चुका है जबकि वह भी जेल की हवा खा चुका है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में कुछ भी बताने से बच रही है।
आवास विकास तीन में अर्मापुर गेट के सामने बने यूनियन बैंक के एटीएम बूथ से मंगलवार दोपहर एक महिला निकल रही थी। उनके बाहर आते ही पहले से घात लगाए युवक ने महिला से एटीएम कार्ड छीन लिया। महिला जब तक कुछ समझ पाती, युवक पास खड़ी बाइक पर बैठकर भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर इलाकाई लोग जुट गए और भाग रहे युवक को पकड़ लिया और उसे जमकर पीटा। कल्याणपुर एसीपी रंजीत कुमार ने बताया कि युवक की जांच की जा रही है। सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।
पूछताछ में आरोपित ने पहले खुद को बर्रा निवासी बताया फिर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना पता प्रतापगढ़ बताया। इसके बाद बोला, पता याद नहीं आ रहा है। आरोपित लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा। आरोपित के पास से 53 डेबिट कार्ड मिले हैं।





