भारत

भाई-बहन की हादसे में मौत से पंजोआ में मातम

Shantanu Roy
25 July 2026 3:59 PM IST
भाई-बहन की हादसे में मौत से पंजोआ में मातम
x
Amb. अंब। विकास खंड अंब के तहत ग्राम पंचायत पंजोआ में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में भाई-बहन की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। इस हादसे ने परिवार सहित पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक सक्षम ठाकुर ने प्लस टू के बाद भारतीय सेना की भर्ती प्रक्रिया का टेस्ट पास कर लिया था और अपनी नियुक्ति पत्र का इंतजार कर रहा था। वहीं उसकी बहन नेहा जालंधर स्थित एक नर्सिंग कॉलेज में तीसरे सेमेस्टर की छात्रा थी। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को दोनों भाई-बहन अंब में नर्सिंग दाखिले से संबंधित ऑनलाइन फीस जमा करवाने के लिए बाइक पर जा रहे थे। जब वे पंजोआ लिंक मार्ग पर पहुंचे तो बताया जा रहा है कि सडक़ पार कर रही एक महिला को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सडक़ किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों बुरी तरह घायल हो गए।

सक्षम अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। एक ओर बेटा सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना संजोए हुए था, तो दूसरी ओर बेटी नर्सिंग की पढ़ाई कर अपने भविष्य को संवारने में जुटी थी। इस हृदयविदारक हादसे ने परिवार के सभी सपनों को एक पल में बिखेर दिया। मृतकों के पिता घगोह में दवाई की दुकान चलाते हैं।हादसे की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई और बड़ी संख्या में लोग शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे।चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।
Next Story