भारत

ऑपरेशन सिंदूर: भारत ने बहावलपुर और मुरीदके आतंकी ठिकानों पर दिखाई सटीक मारक क्षमता

Shantanu Roy
11 May 2025 7:05 PM IST
ऑपरेशन सिंदूर: भारत ने बहावलपुर और मुरीदके आतंकी ठिकानों पर दिखाई सटीक मारक क्षमता
x
बड़ी खबर
New Delhi. नई दिल्ली। भारतीय सशस्त्र बलों ने रविवार को 'ऑपरेशन सिंदूर' की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए पाकिस्तान के भीतर किए गए सफल हवाई हमलों और उनकी प्रभावशीलता का खुलासा किया। भारतीय वायुसेना के एयर मार्शल ए.के. भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बहावलपुर और मुरीदके स्थित आतंकवादी कैंपों पर मिसाइल हमलों का विस्तृत वीडियो प्रस्तुत किया, जिसमें इन हमलों की सटीकता और आतंकियों के ठिकानों की तबाही साफ देखी जा सकती है। डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने बताया कि इन हमलों में कुल 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिसमें 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया गया।

उन्होंने कहा कि "9-10 मई की रात को पाकिस्तान ने सीमा पार से हमारे हवाई क्षेत्र में ड्रोन और विमान भेजने की कोशिश की और हमारे सैन्य ढांचों को निशाना बनाने के असफल प्रयास किए।" राजीव घई ने यह भी स्पष्ट किया कि पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा (LoC) पर युद्धविराम का उल्लंघन फिर से शुरू हुआ, जिसके बाद स्थिति भीषण तोपखाने मुठभेड़ों में बदल गई। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने हर मोर्चे पर पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। सेना के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से की गई किसी भी आक्रामक कार्रवाई को नाकाम किया गया और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंक के अड्डों पर सटीक और निर्णायक हमला किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में तीनों सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी ने इस अभियान की सामरिक तैयारी और एकजुटता को दर्शाया।
Next Story