भारत

कमरे के अंदर मस्ती कर रही बच्चियों में एक की मौत, सदमे में माता-पिता

Nilmani Pal
16 March 2026 7:21 AM IST
कमरे के अंदर मस्ती कर रही बच्चियों में एक की मौत, सदमे में माता-पिता
x
पढ़े पूरी खबर

दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में एक फ्लैट से किसी संदिग्ध केमिकल की गंध आने की खबर के बाद ढाई साल की एक बच्ची की मौत हो गई. जबकि उसकी बड़ी बहन बेहोश हो गई. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. पुलिस के अनुसार दोपहर करीब 2:19 बजे एक PCR कॉल आई, जिसमें गाजीपुर स्थित आशीर्वाद अपार्टमेंट के एक फ्लैट से किसी संदिग्ध केमिकल की गंध आने की सूचना दी गई थी.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कॉल करने वाले ने बताया कि एक कमरे के अंदर दो बच्चे बेहोश हो गए थे. जहां उनकी मां भी मौजूद थी. बच्चों को तुरंत नोएडा के सेक्टर 11 में पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छोटी बच्ची को मृत घोषित कर दिया. उसकी सात साल की बड़ी बहन की हालत स्थिर पाई गई और वह फिलहाल सुरक्षित है.

शुरुआती जांच के तहत एक क्राइम टीम और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान टीमों को घटनास्थल पर किसी भी तरह की गड़बड़ी के कोई तत्काल संकेत नहीं मिले. अधिकारी ने बताया कि अपने शुरुआती बयान में बच्चों की मां ने पुलिस को बताया कि दोनों बच्चियां कमरे के अंदर एक साथ खेल रही थीं, तभी अचानक वे एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं और बेहोश हो गईं.

घटना के समय बच्चों के पिता, जो दर्जी का काम करते हैं, अपनी दुकान पर थे. घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी दौरा किया. अधिकारियों ने कहा कि रोहिणी स्थित फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) के एक केमिकल विशेषज्ञ को घटनास्थल की जांच के लिए बुलाया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या किसी केमिकल पदार्थ के रिसाव या किसी अन्य खतरनाक तत्व के कारण यह घटना हुई है. पुलिस ने बताया कि बच्ची की मौत से जुड़े हालात की आगे की जांच जारी है.


Next Story
null