भारत

मदद के बहाने महिला से दुष्कर्म अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल

nidhi
20 Sept 2026 8:28 AM IST
मदद के बहाने महिला से दुष्कर्म अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल
x
महिला से दुष्कर्म ब्लैकमेल का भी आरोप

जींद: हरियाणा के जींद जिले के सफीदों क्षेत्र में एक महिला ने युवक पर उसके पति को अमेरिका में परेशानी से बचाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर सदर थाना सफीदों पुलिस ने पानीपत जिले के गांव जोशी निवासी अनुज के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसका पति वर्ष 2023 में अमेरिका गया था। वहां किसी परेशानी में फंसने के बाद महिला और उसका परिवार चिंतित था। इसी दौरान महिला के देवर ने उसकी मुलाकात अनुज नाम के युवक से कराई। आरोप है कि युवक ने दावा किया कि वह उसके पति को अमेरिका में सुरक्षित निकालने और परेशानी से बचाने में मदद कर सकता है। उसकी बातों पर महिला ने भरोसा कर लिया।
महिला का आरोप है कि 6 अगस्त 2025 की रात करीब आठ बजे आरोपी उसके घर पहुंचा। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने कथित तौर पर उसे नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। होश आने के बाद उसे घटना के बारे में पता चला।
शिकायत के अनुसार इसके बाद आरोपी ने वीडियो को हथियार बनाकर महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति को अमेरिका में नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर भी उसे डराया गया। इन धमकियों के कारण वह लंबे समय तक भय में रही और किसी को घटना के बारे में नहीं बता सकी।
महिला का आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी लगातार उसका शोषण करता रहा और उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया। परेशान होकर आखिरकार महिला ने पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना सफीदों के प्रभारी चंद्रपाल के मुताबिक महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता पुलिस जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया में तय होगी।
Next Story