भारत

स्वामी विवेकानंद जयंती पर युवाओं में ऊर्जा, अनुशासन और एकाग्रता का संदेश

Shantanu Roy
13 Jan 2026 6:45 PM IST
स्वामी विवेकानंद जयंती पर युवाओं में ऊर्जा, अनुशासन और एकाग्रता का संदेश
x
छग
New Delhi. नई दिल्ली। स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस, जिसे पूरे देश में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, के अवसर पर दिल्ली IAS एकेडमी ने अपने स्थापना के 19 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव अत्यंत उत्साह, ऊर्जा और गरिमामयी वातावरण में मनाया। इस अवसर पर युवाओं के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक विशेष “युवाथान मैराथन” का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल किया गया, जहां एकेडमी परिसर में उत्साह और अनुशासन का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। युवाथान मैराथन का उद्देश्य युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन, सकारात्मक सोच और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करना रहा। प्रतिभागियों ने पूरे जोश और समर्पण के साथ मैराथन में हिस्सा लिया, जिससे आयोजन का उद्देश्य सार्थक सिद्ध हुआ।

मैराथन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर आयुक्त खजांची कुम्हार उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में दिल्ली IAS एकेडमी के संस्थापक सौरभ चतुर्वेदी की माता प्रमिला चतुर्वेदी ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। अतिथियों ने युवाओं के उत्साह और ऊर्जा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल युवाओं के व्यक्तित्व विकास में सहायक होते हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दिल्ली IAS एकेडमी के 19वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर की गई। इसके पश्चात मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर युवाथान मैराथन को रवाना किया गया। मैराथन में छात्र-छात्राओं ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए पूरे मार्ग को सफलतापूर्वक पूरा किया।

मैराथन प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में अंकित कुमार ने प्रथम स्थान, भूषण प्रताप ने द्वितीय स्थान तथा कृष्ण यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में ओम साहू ने प्रथम, सरगम चौहान ने द्वितीय और मोनिश पटेल ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी विजेताओं को संस्थान की ओर से क्रमशः ₹3100, ₹2100 और ₹1100 की नगद राशि के साथ मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने युवाओं को योग और मेडिटेशन के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन भी उतना ही आवश्यक है। योग और ध्यान से एकाग्रता बढ़ती है, तनाव कम होता है और लक्ष्य प्राप्ति का मार्ग आसान बनता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे दिल्ली IAS एकेडमी के प्रमुख सौरभ चतुर्वेदी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में स्वामी विवेकानंद के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और सेवा भाव का संदेश दिया, जिसे आज के युवाओं को आत्मसात करने की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित, अनुशासित और प्रेरित बनाते हैं। कार्यक्रम के अंत में दिल्ली IAS एकेडमी
प्रबंधन
की ओर से मुख्य प्रबंधक विद्या चतुर्वेदी एवं कार्यकारी निदेशक ई. नवनीत सिंह राठौर ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, चिकित्सा विभाग, पुलिस प्रशासन, यातायात विभाग सहित सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, कर्मचारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन कर युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल एकेडमी के छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बना, बल्कि स्वामी विवेकानंद के विचारों को व्यवहार में उतारने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में भी देखा गया।
Next Story