
यूपी। प्रयागराज में एसआरएन अस्पताल में जिस नर्सिंग ऑफिसर 29 वर्षीय शिव दुलारी के जिम्मे मंगलवार की रात वार्ड नंबर-12 में 40 मरीजों की देखरेख की जिम्मेदारी थी उसी की जान अस्पताल बचा नहीं पाया। अचानक तबीयत बिगड़ी और 30 मिनट के अंदर पति के सामने ही सांस थम गई। पत्नी को बचाने के लिए पति सुनील कुमार खुद स्ट्रेचर लेकर वार्ड से आईसीयू तक दौड़ते रहे। नर्सिंग ऑफिसर की ड्यूटी पर मौत के बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
आईसीयू में सूचना पर आई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा। पोस्टमार्टम प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण दवाओं का रिएक्शन है। मामले में जानकारी के अनुसार भदोही के वीरमपुर गांव की रहने वाली शिव दुलारी 2022 बैच की नर्सिंग ऑफिसर थीं। वे दो माह से परिवार के साथ अस्पताल परिसर में बने कर्मचारी आवास में रहती थीं। उनकी एक बेटी शिवान्या (1) और सनाया (5) हैं। पति सुनील भदोही के सीएचसी डीह में बतौर नर्सिंग ऑफिसर तैनात हैं।
मंगलवार को सुनील छुट्टी होने के कारण आवास पर ही थे। सुनील ने बताया कि शिव दुलारी को तीन दिन से बुखार था। वे मंगलवार रात में आठ बजे डि्यूटी पर गईं। वहां उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। इसकी जानकारी जब सिस्टर इंचार्ज पुष्पा को दी तो उन्होंने अनसुनी कर दी। वार्ड में शिव दुलारी के साथ नर्सिंग ऑफिसर प्रियंका डि्यूटी पर थीं उसे सिस्टर इंचार्ज पुष्पा ने दूसरे वार्ड में भेज दिया। प्रियंका के दूसरे वार्ड में चली जाने से शिव दुलारी अकेली हो गईं। मदद के लिए तत्काल कोई नहीं पहुंचा। सुनील के अनुसार अस्पताल से फोन आने पर दवा लेकर मैं वार्ड नंबर 12 में पहुंचा।





