
यूपी। वाराणसी में गंगा में चल रही नाव पर नॉनवेज बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान कर पांच को गिरफ्तार कर लिया। वीडियो में शराब छलकाते और मीट बनाते युवकों को स्थानीय लोगों से पहचान करवाने के बाद गिरफ्तार किया गया। मामले में पुलिस ने एक्शन लेते हुए नाव सीज की। वहीं, गिरफ्तार आरोपियों को बुधवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि बीच गंगा नाव पर नॉनवेज बनाने के मामले में सोमवार को दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। नाव भी सीज कर दी है। देर रात वीडियो वायरल होने पर दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस की सर्विलांस टीम ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार किया। दशाश्वमेध पुलिस चौकी इंचार्ज ने मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि, ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
वाराणसी के दशाश्वमेध एसीपी डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि सोशल मीडिया पर शाम को एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें गंगा के बीच कुछ युवक नाव पर नॉनवेज बनाते दिख रहे थे। साथ ही एक युवक नॉनवेज पार्टी में शामिल लोगों का नाम के साथ परिचय करा था। वीडियो में शामिल युवक की तलाश शुरू की गई। स्थानीय लोगों ने आरोपियों को पहचान लिया। इसके बाद देर रात रामनगर थाने का सूजाबाद निवासी दीपक कुमार, अजय साहनी, राहुल साहनी, डोमरी निवासी अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में युवकों ने बताया कि वीडियो सर्दी के समय का है। मानमंदिर घाट के सामने वीडियो बनाया गया था। किसी ने वायरल कर दिया। एसीपी ने बताया कि सभी पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले नाव पर इफ्तार पार्टी का वीडियो वायरल होने पर हड़कंप मच गया था। इसमें भी सभी आरोपियों की पुलिस ने गिरफ्तारी की थी। एक महीने पहले इफ्तार पार्टी में शामिल आरोपी जमानत पर रिहा हुए हैं। गंगा पर हो रहीं इस तरह की मीट और शराब पार्टियों की वीडियो वायरल होने से लोगों में आक्रोश है।





