नीतीश रिपीट या फिर तेजस्वी, बिहार चुनाव 2025 के नतीजे आएंगे कुछ देर में

बिहार। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों का आज ऐलान होगा. 243 सीटों के लिए हुए दो चरणों के मतदान की गिनती सुबह 8 बजे से 46 केंद्रों पर शुरू होगी. नीतीश कुमार ने पूरे जोश-ओ-खरोश के साथ जीत का दम भरा है, तो वहीं तेजस्वी यादव ने भी 18 नवंबर को शपथ लेने का दावा किया है. एग्जिट पोल में महिलाओं और ओबीसी का समर्थन एनडीए को मिलने की संभावना जताई गई है. एग्जिट पोल के मुताबिक, एनडीए को महिलाओं, ओबीसी और ईबीसी वर्ग का मजबूत समर्थन मिला है.
बिहार चुनाव 2025 की मतगणना शुरू होने से पहले राज्य मंत्री प्रेम कुमार ने एनडीए की जीत का विश्वास व्यक्त किया. उन्होंने कहा, 'इस बार बिहार के लोग बड़ी संख्या में मतदान करने निकले. एनडीए सभी सीटों पर आगे रहेगा और बिहार में फिर से नीतीश कुमार की सरकार बनेगी. मुझे पूरा विश्वास है कि एनडीए 200 से ज्यादा सीटें जीतकर बिहार में एक बार फिर सरकार बनाएगा. बिहार की जनता एनडीए सरकार में हुए विकास कार्यों से बहुत खुश है.'
बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान हुए थे. पहले चरण में 6 नवंबर को 18 जिलों की 121 सीटों और दूसरे चरण में 11 नवंबर को 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान हुए. राज्य में 67.13 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जो 1951 के बाद से सबसे ज्यादा है. महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 71.6 प्रतिशत रहा, जो राज्य में अब तक का सबसे ज्यादा है.





