भारत

दंगा करने की साजिश रच रहे 9 उपद्रवी गिरफ्तार, छतों से ईंट और पत्थर जब्त

Nilmani Pal
1 July 2026 7:06 AM IST
दंगा करने की साजिश रच रहे 9 उपद्रवी गिरफ्तार, छतों से ईंट और पत्थर जब्त
x
पढ़े पूरी खबर

उत्तराखंड। हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के बोडाहेडी गांव में पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को हिरासत में ले लिया है. यह कार्रवाई गांव में शांति भंग करने और आपस में मारपीट करने के आरोप में की गई है. पुलिस ने ड्रोन कैमरे से गांव की निगरानी की तो कई घरों की छतों पर ईंट पत्थरों के ढेर लगे मिले, जिसके बाद पुलिस ने इन्हें तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं.

दरअसल बोडाहेडी गांव में कुछ दिन पहले दो पक्षों के बीच आपस में झगड़ा और मारपीट हो गई थी. इस झगड़े के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ थाने में मामले भी दर्ज कराए थे. झगड़े के दौरान दोनों तरफ के लोगों ने अपनी छतों से एक दूसरे पर पत्थरबाजी भी की थी. इलाके में शांति बनी रहे और आगे कोई बड़ी घटना न हो, इसी वजह से पुलिस ने सख्त कदम उठाने का फैसला लिया.

इसी सिलसिले में पथरी थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार अपनी टीम के साथ ड्रोन कैमरा लेकर बोडाहेडी गांव पहुंचे. ड्रोन कैमरे की मदद से टीम ने पूरे गांव की छतों पर नजर रखी. जिन घरों की छतों पर ईंट पत्थर रखे मिले, उन लोगों को पुलिस ने साफ चेतावनी दी कि छतों से यह सामान तुरंत हटाया जाए. पुलिस ने यह भी कहा कि अगर आगे भी छतों पर बेवजह ईंट पत्थर रखे मिले तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह पूरी कार्रवाई बीएनएसएस की धारा 126, 135 और 170 के तहत की गई है.

गांव में झगड़ा कर रहे पहले पक्ष में गुलजार और दूसरे पक्ष में असगर शामिल थे. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन दोनों तरफ के लोग मानने को तैयार नहीं हुए. पुलिस को आशंका थी कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो झगड़ा किसी बड़ी वारदात में बदल सकता है. इसी वजह से पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 9 लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई शुरू की. हिरासत में लिए गए लोगों में पहले पक्ष से गुलजार और मुजमिल शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से असगर, सुभान, अफसान, रहीश, फरमान, नदीम और अकबर को हिरासत में लिया गया है. सभी आरोपी बोडाहेडी गांव के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई जरूरी थी और आगे भी असामाजिक तत्वों पर ऐसी सख्ती जारी रहेगी.

Next Story