भारत

कुमारसैन में लैंडस्लाइड से एनएच-5 फिर बंद, पहाड़ से गिर रहे बड़े पत्थर

Shantanu Roy
4 Aug 2025 3:15 PM IST
कुमारसैन में लैंडस्लाइड से एनएच-5 फिर बंद, पहाड़ से गिर रहे बड़े पत्थर
x
Kumarsain. कुमारसैन। शिमला को रामपुर और किन्नौर से जोडऩे वाला राष्ट्रीय राजमार्ग-5 कुमारसैन उपमंडल के शनाद गांव के समीप फिर भारी भूस्खलन के चलते अवरुद्ध हो गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण सडक़ पर मलबा और विशाल पत्थरों का गिरना जारी है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। कुमारसैन और किंगल के बीच यह प्वाइंट खतरनाक बना हुआ है। यहां गत शनिवार भी मलबा हटाती बार और स्लाइड आने से एक डोजर चपेट में आ गया था, जिसके ड्राइवर की मौत हो गई थी। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी मौके पर तैनात है और युद्धस्तर पर सडक़ को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मार्ग को जल्द से जल्द सामान्य किया जाएगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल छोटी गाडिय़ों को वैकल्पिक मार्गों से भेजने की व्यवस्था की है।
हालांकि भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है। एनएच-5 शिमला को रामपुर और किन्नौर से जोडऩे वाला मुख्य मार्ग है। ऐसे में इसके बार-बार अवरुद्ध होने से आम जनता के साथ-साथ आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। इस समय सेब सीजन चरम पर है और बागबानों को अपनी फसल मंडियों तक पहुंचाने में कठिनाई हो रही है। हाल ही में इसी स्थान पर लगातार गिरते पत्थरों और ज़मीन धंसने की घटनाओं के चलते एक जेसीबी मशीन खाई में गिर गई थी। इसमें चालक की जान चली गई थी। वहीं एसडीएम मुकेश शर्मा ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से परहेज़ करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि सडक़ बहाली का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जारी है।
Next Story