भारत

नवविवाहिता ससुराल से भागी, प्रेमी संग पहुंच गई थाने

Nil dhankar
26 March 2026 7:26 AM IST
नवविवाहिता ससुराल से भागी, प्रेमी संग पहुंच गई थाने
x
पढ़े पूरी खबर

लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र में शादी के महज नौ दिन बाद एक नवविवाहिता के अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चले जाने का मामला सामने आया है. हैरानी की बात यह रही कि युवती कुछ घंटों पहले ही पहली बार ससुराल पहुंची थी. देर शाम जब पति घर लौटा तो पत्नी घर पर नहीं मिली. घर की तलाशी लेने पर जेवर और कपड़े भी गायब मिले, जिसके बाद पति ने मोहनलालगंज कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.

जानकारी के मुताबिक, 11 मार्च को मोहनलालगंज के पुरसेनी निवासी युवती की शादी राजाखेड़ा निवासी युवक से हुई थी. शादी के बाद युवती मायके लौट गई थी. 20 मार्च को पति पहली बार उसे विदा कराकर अपने घर लाया था. दोपहर में पत्नी को घर छोड़कर वह मामा के यहां चला गया, लेकिन शाम को लौटने पर पत्नी गायब मिली. पति ने आसपास तलाश की तो ग्रामीणों ने बताया कि युवती को एक युवक के साथ बाइक से जाते हुए देखा गया था. सूचना मिलने पर पुलिस ने युवती के मोबाइल पर संपर्क किया तो उसने बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ हरियाणा पहुंच गई है और वापस लौट रही है. कुछ देर बाद युवती अपने प्रेमी के साथ मोहनलालगंज के हरिकंशगढ़ी चौकी पहुंच गई. चौकी पर युवती ने पति के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया और प्रेमी के साथ रहने की बात कही. उसने पुलिस से सुरक्षा की गुहार भी लगाई. सूचना मिलते ही पति और ग्रामीण भी चौकी पहुंच गए, जहां देर शाम तक दोनों पक्ष मौजूद रहे.

इंस्पेक्टर ब्रजेश त्रिपाठी के अनुसार, युवती और उसका प्रेमी दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से पुलिस के पास आए हैं. हालांकि प्रेमी पहले से शादीशुदा है और दूसरे समुदाय का है. पुलिस ने दोनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम को संवेदनशील मानते हुए कानूनी पहलुओं और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है.


Next Story