भारत

नवनिर्वाचित पार्षदों ने ली पद-गोपनीयता की शपथ

Shantanu Roy
7 Jun 2026 5:53 PM IST
नवनिर्वाचित पार्षदों ने ली पद-गोपनीयता की शपथ
x
Paonta Sahib. पांवटा साहिब। पांवटा साहिब नगर परिषद में शनिवार को नवनिर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में एसडीएम पांवटा साहिब द्विज गोयल ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान नगर परिषद की ईओ कंचन बाला और जीवन जोशी भी मौजूद रहे। शपथ के बाद एसडीएम द्विज गोयल ने पार्षदों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर परिषद का मूल उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना है। उन्होंने कहा कि नए बोर्ड को पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता के सिद्धांतों पर
काम करना होगा।


प्रत्येक पार्षद अपने वार्ड की साफ-सफाई, सडक़ों की स्थिति, पेयजल आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता सूची में रखें। एसडीएम ने प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि वार्ड स्तर की योजनाओं को जिला प्रशासन और नगर परिषद मिलकर तेजी से आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने डिजिटल माध्यमों से शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करने और नियमित जन सुनवाई आयोजित करने पर भी जोर दिया, ताकि नागरिक सीधे अपनी समस्याएं रख सकें। साथ ही उन्होंने वित्तीय अनुशासन और योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन की आवश्यकता बताई। द्विज गोयल ने कहा कि नगर परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। चुनाव के बाद नई कार्यकारिणी के गठन के साथ विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने सभी पार्षदों से आपसी समन्वय और टीम भावना से काम करने की अपील की।
Next Story