विधायक निवास में हुई पूर्व मंत्री की मौत मामले में नया मोड़, हत्या की एंगल से जांच जारी

यूपी। राजधानी लखनऊ में विधायक आवास की सातवीं मंजिल से गिरकर भाजपा नेता नानकदीन भुर्जी (55) की मौत के मामले में उनके परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। बेटे उत्तम गुप्ता ने विधायक हंसराम के प्रतिनिधि आरिफ पर साथियों के साथ मिलकर पिता को नीचे फेंकने का आरोप लगाया। बेटे ने कहा कि पिता को न तो कोई बीमारी थी और न ही वह डिप्रेशन में थे। बेटे ने आत्महत्या की बातों को खारिज किया। बेटे उत्तम ने विधायक प्रतिनिधि के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में तहरीर भी दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मंगलवार को हुई घटना के बाद पुलिस ने आरिफ के बयान पर मामले को आत्महत्या कहा था।
दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रहे नानकदीन भुर्जी खदरा के रहने वाले थे। वर्तमान में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश महामंत्री थे। मंगलवार को वह अपने निजी सचिव लालन गुप्ता के साथ बाइक से घर से निकले थे। लालन ने उन्हें विधायक निवास पर छोड़ा था। पिता ऊपर सातवें तल पर कमरा नंबर 703 में गए थे।
वह अपने मित्र विधायक हंसराम से मिलने के लिए पहुंचे थे। पिता कमरे में पहुंचे। वहां मो. आरिफ ने साजिश के तहत अपने साथियों के साथ मिलकर पिता की हत्या कर दी। इसके बाद उन्हें सातवें तल से नीचे फेंक दिया। मो. आरिफ और उनके अज्ञात दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए उत्तम ने तहरीर दी है। एसीपी हजरतगंज रजनीश कुमार वर्मा के मुताबिक तहरीर मिली है। तफ्तीश की जा रही है। घटनास्थल के आस पास लगे सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। प्राथमिक जांच में आत्महत्या की पुष्टि हुई थी। हालांकि नानकदीन के बेटे द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नानकदीन भुर्जी के बेटे उत्तम के मुताबिक उनके पिता न तो बीमार ते न ही डिप्रेशन में थे। पिता आत्महत्या नहीं कर सकते। साजिश के तहत उनकी हत्या की गई है। उत्तम ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब सवा दो बजे आरिफ ने पिता के निजी सचिव को पहले फोनकर घटना की जानकारी दी थी।





