
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भरा मैसेज मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों को मैसेज मिला कि मोदी पटना आ रहे हैं, वहीं उनको उड़ा दिया जाएगा। पीएम को जान से मार दिया जाएगा। मैसेज मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई। भागलपुर के सुल्तानगंज से धमकी भरा मैसेज भेजने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में मामला कुछ और ही निकला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को दो दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचे। शुक्रवार को उनका रोहतास जिले के बिक्रमगंज में कार्यक्रम है। मोदी के पटना पहुंचने से पहले ही भागलपुर के पुलिस अधिकारियों को एक धमकी भरा मैसेज मिला। इसमें पीएम मोदी को पटना में उड़ाने की बात कही गई। यह मैसेज देख एक बार तो पुलिस अफसरों के होश उड़ गए। पुलिस ने तुरंत इस मामले पर ऐक्शन लिया। मैसेज भेजने वाले को ट्रेस किया गया। पता चला कि यह नंबर भागलपुर जिले में सुल्तानगंज के महेशी निवासी बुजुर्ग मंटू चौधरी के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, तो मामला स्पष्ट हो गया। पता चला कि बुजुर्ग के भतीजे ने ही अपने चाचा को फंसाने के लिए धमकी भरा फर्जी मैसेज भेज दिया था। दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद है।
पुलिस ने भतीजे समीर कुमार रंजन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने मैसेज भागलपुर एसएसपी के अलावा कई थानों की पुलिस को भेजा था। एसएसपी हृदय कांत ने बताया कि युवक ने चाचा को फंसाने के लिए मैसेज भेजा था। मामले की जांच की जा रही है।





