भारत

पड़ोसी लड़के ने महिला की हत्या की, फिर फंदे पर झूला

Nilmani Pal
19 Jun 2026 7:32 AM IST
पड़ोसी लड़के ने महिला की हत्या की, फिर फंदे पर झूला
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। हाथरस में एक युवक ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। अपनी शादीशुदा पड़ोसन के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दी और खुद भी वहीं पर फांसी लगाकर जान दे दी है। कोतवाली हाथरस गेट के नगला भूरा स्थित महिला के घर के अंदर दोनों के शव घंटों तक पड़े रहे।

देर शाम महिला का पति घर आया तो पत्नी का शव जमीन पर पड़ा हुआ था जबकि युवक का शव फंदे पर लटका हुआ मिला।महिला के शव के पास ही उसकी ढाई साल की बच्ची रोती मिली। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।गांव नगला भूरा निवासी विपिन की शादी करीब चार साल पहले प्रियंका निवासी पुरदिलनगर के साथ हुई थी। विपिन के पास एक ढाई साल की बच्ची कशिश है। विपिन रोज की तरह से गुरुवार की सुबह मजदूरी करने के लिए चला गया। घर पर पत्नी और बेटी दोनों अकेली रहती थीं। जबकि विपिन के परिवार के अन्य सदस्य गांव के दूसरे पुस्तैनी मकान में रहते हैं। गुरुवार शाम को काम खत्म करने के लिए बाद विपिन अपने घर आया। उसने घर का दरवाजा खटखटाया तो पत्नी दरवाजा खोलने के लिए नहीं आई।

विपिन काफी देर तक दरवाजा पीटता रहा। बाद में किसी तरह से वह घर के अंदर घुसा तो पत्नी का शव आंगन में पड़ा हुआ था। ढाई साल की बच्ची शव के पास बैठी थी। विपिन जब कमरे की तरफ बढ़ा तो पड़ोसी प्रकाश पुत्र राधेश्याम उम्र 25 साल का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। यह नजारा देखते ही विपिन की चीख निकल पड़ी। उसके बाद पूरा गांव इकट्ठा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेसिंक टीम जांच पड़ताल में जुटी है। खुदकुशी करने वाले प्रकाश के परिवार में कोई नहीं है। गांव के लोगों की मानें तो माता-पिता और भाइयों की मृत्यु हो चुकी है। वह अकेला ही अपने घर में रहता था। किसी भट्ठे पर काम करता है। अभी तक उसकी शादी नहीं हुई थी।

सीओ सिटी हिमांशु माथुर के अनुसार युवक ने पहले महिला की हत्या की और बाद में उसने खुदकुशी कर ली। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या का कारण अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है। इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। अन्य बिन्दुओं पर भी जांच की जा रही है।


Next Story