कांग्रेस के लिए पनौती है भूपेश बघेल, बीजेपी ने X में डाली आंसू की धार वाली कार्टून

रायपुर। राज्यसभा चुनाव के ताजा नतीजों ने संसद के उच्च सदन यानी राज्यसभा में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की स्थिति को और मजबूत कर दिया है। नतीजों के बाद छग बीजेपी ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल का कॉर्टून जारी किया है, जिसमे भूपेश बघेल को पनौती करार दिया है, आगे कैप्शन में लिखा है कि भूपेश बघेल जहां-जहां चुनावी जिम्मेदारी संभालने पहुंचते हैं, वहां कांग्रेस की नैया डूब जाती है। कांग्रेस ने झारखंड राज्यसभा चुनाव में बड़े भरोसे के साथ कांग्रेस के लिए पनौती बन चुके भूपेश बघेल को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा था, लेकिन नतीजा वही निकला, कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा चुनाव हार गए।
दरअसल, कुल 27 राज्यसभा सीटों पर चुनाव हुए थे। इनमें से 11 जून को जांच के बाद 8 राज्यों के 24 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए थे। जिनमें 19 एनडीए के और 5 कांग्रेस के उम्मीदवार थे। निर्विरोध चुने जाने वाले प्रमुख नेताओं में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पवन खेड़ा और भाजपा के सतीश पूनिया व तरुण चुघ शामिल हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा की तीन रिक्त सीटों पर हुए उपचुनाव में भी उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए थे।
गुरुवार को झारखंड की दो और मिजोरम की एक सीट पर चुनाव हुआ। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा में दो राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव में परिमल नाथवानी को 28 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को 20 वोट प्राप्त हुए। जेएमएम के बैद्यनाथ राम को 30 वोट मिले. मतदान के दौरान तीन वोट अमान्य घोषित किए गए, जिनमें भाजपा के दो और कांग्रेस का एक वोट शामिल था. एनडीए के पास विधानसभा में केवल 24 विधायक हैं, जबकि जीत के लिए 28 प्रथम वरीयता मतों की जरूरत थी. ऐसे में नाथवानी की जीत को क्रॉस वोटिंग का परिणाम माना जा रहा है।
चुनाव नतीजे आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर 'हॉर्स ट्रेडिंग' को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। वहीं, झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने अपनी हार के लिए गठबंधन सहयोगी राजद और सीपीआई (माले) लिबरेशन को जिम्मेदार ठहराया।





