भारत

50 सालों से काबिज परिवार का नाम राजस्व सर्वे से गायब, कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

Nil dhankar
28 July 2026 8:21 AM IST
50 सालों से काबिज परिवार का नाम राजस्व सर्वे से गायब, कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
x

चारामा/कांकेर। चारामा तहसील के ग्राम चांवड़ी में प्रधान-मंत्री भूमि स्वामित्व योजना के तहत चल रहे राजस्व सर्वे को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। करीब 50 वर्षों से शासकीय आबादी भूमि पर काबिज एक परिवार ने वर्तमान सर्वे में रिकॉर्ड से नाम हटाए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने कांकेर कलेक्टर के जनदर्शन में शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच और रिकॉर्ड में नाम पुनः दर्ज करने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, भूमि स्वामी किशन प्रसाद का परिवार पिछले लगभग 50 वर्षों से संबंधित शासकीय आबादी भूमि पर काबिज है। परिवार का दावा है कि शासन को निर्धारित प्रीमियम जमा करने के बाद उन्हें भूमि स्वामी अधिकार प्रमाण पत्र भी जारी किया गया था, जिससे उनके भूमि संबंधी अधिकारों की पुष्टि होती है।

परिवार का आरोप है कि इसके बावजूद हाल ही में हुए राजस्व सर्वे के दौरान संबंधित पटवारी ने रिकॉर्ड से उनका नाम हटा दिया। भूमि स्वामी के पुत्र का कहना है कि इस सर्वे से वे अपनी भूमि के अधिकार से वंचित हो गए हैं। भूमि स्वामी के पुत्र योगेश मेहता ने इस संबंध में कांकेर कलेक्टर के जनदर्शन कार्यक्रम में लिखित शिकायत प्रस्तुत की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सर्वे रिकॉर्ड में उनका नाम पुनः दर्ज करने तथा आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल जिला प्रशासन ने शिकायत प्राप्त कर ली है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि राजस्व सर्वे के दौरान रिकॉर्ड से नाम हटाए जाने के पीछे क्या कारण रहे और शिकायत में लगाए गए आरोप कितने सही हैं।

Next Story