भारत

नालागढ़ इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री को भेजा ज्ञापन

Shantanu Roy
27 Jun 2026 4:42 PM IST
नालागढ़ इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री को भेजा ज्ञापन
x
Nalagarh. नालागढ़। देश के सबसे बड़े औद्योगिक क्लस्टरों में शामिल बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में हाई स्पीड डीज़ल (एचएसडी) की आपूर्ति को लेकर पैदा हुआ संकट अब उद्योगों के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। डीजल खरीद से जुड़ी मौजूदा पाबंदियों और जटिल प्रक्रियाओं के कारण उत्पादन प्रभावित होने लगा है। इसे लेकर शुक्रवार को नालागढ़ इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (एनआईए) ने होटल क्रॉसरोड में प्रेस वार्ता कर केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकला तो इसका असर केवल उद्योगों तक
सीमित नहीं रहेगा।


बल्कि हजारों श्रमिकों के रोजगार, सप्लाई चेन, निर्यात और प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। एनआईए के अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के नाम एसडीएम नालागढ़ के माध्यम से विस्तृत ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में हिमाचल प्रदेश, विशेषकर बीबीएन क्षेत्र की हजारों एमएसएमई एवं अन्य औद्योगिक इकाइयों के समक्ष खड़ी डीजल आपूर्ति की समस्या का उल्लेख करते हुए तत्काल राहत देने की मांग की गई।
Next Story