भारत

आईटीआई सोलन में नल जल मित्र प्रशिक्षण पूरा

Shantanu Roy
19 May 2026 4:35 PM IST
आईटीआई सोलन में नल जल मित्र प्रशिक्षण पूरा
x
Solan. सोलन। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सोलन में भारत सरकार की कौशल विकास पहल के तहत संचालित नल जल मित्र कार्यक्रम का सफल समापन एक गरिमामयी दीक्षांत समारोह के साथ हुआ। यह कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में जल आपूर्ति प्रणालियों के संचालन, रख-रखाव और प्रबंधन के लिए तकनीकी रूप से सक्षम मानव संसाधन तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। समारोह में संस्थान की प्रधानाचार्या इंजी. नवीन कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को जल आपूर्ति प्रबंधन, प्लम्बिंग प्रणाली, पाइप फिटिंग, जल संरक्षण तकनीक और हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन के रख-रखाव में प्राप्त ज्ञान को वास्तविक जीवन में लागू करने के महत्व पर
जोर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित नल जल मित्र ग्रामीण जल योजनाओं के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और छोटी-मोटी तकनीकी समस्याओं का समाधान कर जल सेवाओं को निर्बाध बनाए रखेंगे। 42 दिवसीय प्रशिक्षण पूरी करने वाले सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर इंजी. मनोज कुमार शर्मा, अनिल कुमार ठाकुर, तेंजिम डोल्मा, इंजी. प्रतीक सेलोपाल और इंजी. नरेंद्र सिंह ने भी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं दी। प्रशिक्षुओं ने संस्थान द्वारा प्रदान किए गए व्यावहारिक अनुभव और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया और इसे अपने करियर के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रशिक्षुओं को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ किया गया। इस पहल ने न केवल ग्रामीण जल प्रबंधन को मजबूत किया, बल्कि युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर भी प्रदान किए।
Next Story