भारत

FB में LIVE होकर हत्या का मचाया शोर, कातिल पति ने फिर थाने में किया सरेंडर

Nil dhankar
23 Sept 2025 7:41 AM IST
FB में LIVE होकर हत्या का मचाया शोर, कातिल पति ने फिर थाने में किया सरेंडर
x
पढ़े पूरी खबर

केरल। कोल्लम से कत्ल का एक बेहद संगीन मामला सामने आया है. जहां एक शख्स ने पहले गला काटकर अपनी पत्नी को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया और फिर इस कत्ल का ऐलान उसने फेसबुक पर लाइव आकर किया. इस वारदात को देख और सुनकर लोग सन्न रह गए. पुलिस ने सोमवार को बताया कि कत्ल की ये सनसनीखेज वारदात कोल्लम के पुनालुर की है. जहां कूथनदी में एक 39 वर्षीय महिला को उसके पति ने गला रेतकर मौत की नींद सुला दिया और बाद में फेसबुक लाइव पर इस हत्या की घोषणा की.

पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान कोल्लम के कूथनदी, प्लाचेरी, वलक्कुडु निवासी शालिनी के रूप में हुई है. इस वारदात में सबसे हैरानी की बात ये थी कि बीवी का खून करने वाले उसके कातिल पति इसहाक ने बाद में खुद पुनालुर पुलिस स्टेशन में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया. फिर पुलिस को वारदात की पूरी कहानी भी बताई. उसकी बात सुनकर पुलिसवाले भी हैरान थे. पुलिस ने इस सिलसिले में मामला दर्ज कर लिया है. एफआईआर के अनुसार, दंपति के वैवाहिक जीवन में कई तरह की समस्याएं थीं. एफआईआर में कहा गया है कि सुबह करीब 6.30 बजे, जब शालिनी नहाने के लिए रसोई के पीछे पाइपलाइन के पास गई, तो आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी गर्दन, छाती और पीठ पर गहरे घाव हो गए. इसके बाद आरोपी पति ने चाकू से उसका गला रेत दिया और वो हमेशा के लिए शांत हो गई. इस वारदात के फौरन बाद ना जाने कातिल के मन में क्या आया कि वो फेसबुक पर लाइव आ गया और उसने अपनी बीवी की हत्या का जुर्म कुबूल कर लिया. साथ ही उसने अपनी पत्नी शालिनी पर अविश्वास और गहनों की हेराफेरी का आरोप लगाया. पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद में वह खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और पुलिस को अपनी पत्नी की हत्या की जानकारी दी. उसकी बात सुनकर पुलिसवाले सकते में आ गए. इसके बाद फौरन पुलिस की एक टीम जल्द ही मौका-ए-वारदात यानी इसहाक के घर पहुंची और शालिनी को वहां मृत पाया.

कोल्लम के एक पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि शालिनी की लाश को बाद में अस्पताल ले जाया गया. दंपति के 19 वर्षीय बेटे की शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि फोरेंसिक टीम मौके पर जाकर उस घर की जांच पड़ताल कर रही है, जहां हत्या हुई थी. पुलिस ने बताया कि पीड़िता और आरोपी दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं. जिनकी जांच चल रही है.

Next Story
null