भारत

मुंबई : 24 घंटे में मिले 1000 से कम मरीज, पहली बार इतने कम केस

Apurva Srivastav
18 May 2021 5:23 PM GMT
मुंबई : 24 घंटे में मिले 1000 से कम मरीज, पहली बार इतने कम केस
x
करीब 10 सप्ताह बाद मुंबई में हजार से कम कोरोना मरीज मिले हैं।

करीब 10 सप्ताह बाद मुंबई में हजार से कम कोरोना मरीज मिले हैं। महाराष्ट्र की राजधानी में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर काबू में आती दिख रही है। 24 घंटे में यहां 953 कोरोना मरीज मिले हैं, जोकि 2 मार्च के बाद 24 घंटे में मिलने वाले संक्रमितों की न्यूनतम संख्या है। हालांकि, अप्रैल के मुकाबले टेस्टिंग में काफी कमी आई है।

मंगलवार को देश की आर्थिक राजधानी में 44 लोगों की मौत कोरोना की वजह से हुई। मुंबई में पॉजिटिविटी रेट 5.31 फीसदी रही, जोकि अप्रैल के मुकाबले काफी कम है। रिकवरी रेट सुधरकर 93 फीसदी हो गई है, जबकि डबलिंग रेट 255 दिन है। मुंबई में 2 मार्च को 849 केस सामने आए थे। इसके बाद यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ था।
मुंबई में पिछले महीने हर दिन करीब 50 हजार सैंपल की जांच हो रही थी। अब यहां प्रतिदिन 20 से 25 हजार सैंपल की जांच हो रही है। रविवार को यहां 17,640 सैंपल की जांच की गई। महाराष्ट्र में पिछले महीने हर दिन 60 हजार से अधिक संक्रमित मिल रहे थे, लेकिन राज्य में अब यह आंकड़ा काफी कम हो गया है। मंगलवार को महाराष्ट्र में 28,438 नए मरीज मिले। हालांकि, मौतों की संख्या अब भी चिंताजनक स्तर पर है। 24 घंटे में राज्य में 679 लोगों की जान चली गई।


Next Story