भारत

MP Election: कांग्रेस ने एमपी चुनाव को लेकर बनाई रणनीति

Rounak Dey
29 May 2023 1:30 PM GMT
MP Election: कांग्रेस ने एमपी चुनाव को लेकर बनाई रणनीति
x
राहुल ने नेताओं को क्यों दी सख्त हिदायत?

जनता से रिश्ता वेबडेस्क | मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस आलाकमान के साथ प्रदेश के नेताओं की बैठक हुई। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सीएम कमलनाथ ने विस्तार से एक प्रेजेंटेशन दिया। इसमें उन्होंने बताया कि उनके द्वारा करवाए गए सर्वे में कांग्रेस पार्टी आगे नजर आ रही है। इसके अलावा आगामी चुनावी रणनीति से हाई कमान को अवगत करवाया।

बैठक में राहुल गांधी ने साफ कहा कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों से ज्यादा लोकल मुद्दों को प्राथमिकता से उठाया था। प्रदेश सरकार के भ्रष्टाचार पर फोकस किया जाएगा। इसके अलावा मंत्रियों के भ्रष्टाचार, विधायकों द्वारा की गई बड़ी गड़बडियों को प्रमुखता के साथ उठाया जाए। राहुल गांधी ने साफ हिदायत दी कि चुनाव में सभी नेता आपसी मतभेद भुल जाएं। ऐसा कोई भी बयान देने के बचें, जिससे पार्टी की किरकिरी हो और भाजपा को कोई मौका मिले। सभी नेताओं की तरफ से जारी बयानों में एकरूपता नजर आए। बैठक में कांग्रेस आलाकमान ने प्रदेश के नेताओं से मध्यप्रदेश के स्थानीय बड़े मुद्दों की जानकारी मांगी है।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के वचन पत्र को भी आलाकमान के सामने रखा। इसमें मुख्य रूप से नारी सम्मान योजना, 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर, ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली, ओबीसी आरक्षण जैसे बड़े मुद्दे शामिल किए गए हैं। वचन पत्र में कांग्रेस ने कई आकर्षक वादे भी शामिल किए हैं। बैठक में शामिल नेताओं ने भाजपा की तर्ज पर अभी से रैलियां शुरू करने की बात भी रखी। एक नेता ने बैठक में कहा कि चुनाव में भले ही अभी थोड़ा समय है, लेकिन अभी से प्रदेश में राष्ट्रीय नेताओं के दौरे, जनसभा और रैलियां शुरू होनी चाहिए। इससे प्रदेश में कांग्रेस के लिए सकारात्मक माहौल तैयार हो सकेगा। कांग्रेस हाई कमान ने प्रदेश के नेताओं से क्षेत्रवार समीकरणों के हिसाब से नेताओं के दौरे, रैलियां और जनसभाओं के लिए लिस्ट मांगी है। इसके बाद प्रदेश में यह कार्यक्रम शुरू होंगे।

बैठक के बाद राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एमपी में 150 सीटें जीतेगी। राहुल गांधी के दावे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि हम उनकी बात से सहमत हैं। सीएम शिवराज सिंह ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि मन को बहलाने को बाबा ख्याल अच्छा है। हालांकि राहुल गांधी इस सवाल को टाल गए कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा। उन्होंने कहा कि हमारा आंतरिक आकलन है कि हमें कर्नाटक में 136 सीटें मिली हैं। मध्यप्रदेश में 150 सीटें मिलने वाली हैं। कर्नाटक में जो किया, उसे हम दोहराने जा रहे हैं।' कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, हम मध्यप्रदेश भी जीतने जा रहे हैं।

Next Story