भारत

शादीशुदा बेटी की मौत की खबर सुनकर मां को हुआ ब्रेन हेमरेज, परिवार में मातम

Nil dhankar
12 Sept 2025 7:32 AM IST
शादीशुदा बेटी की मौत की खबर सुनकर मां को हुआ ब्रेन हेमरेज, परिवार में मातम
x
पढ़े पूरी खबर

बिहार। भागलपुर में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना हुई. दरअसल जेएलएन अस्पताल में गोड्डा जिले की बबली देवी अपनी बेटी सुनैना को देखने के लिए जा रही थीं. रास्ते में उन्हें खबर मिली कि उनकी बेटी सुनैना की ससुराल वालों ने हत्या कर दी है. खबर सुनते ही बबली देवी बेहोश हो गईं. किसी तरह उनके भाई संजय उन्हें भागलपुर के जेएलएन अस्पताल मायागंज लेकर पहुंचे. अस्पताल में बेटी का शव देखकर बबली देवी दहाड़ मारकर रो पड़ीं. सदमे से उनका ब्रेन हेमरेज हो गया. डॉक्टरों ने तुरंत जांच की, लेकिन कुछ देर बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस तरह बेटी की मौत का सदमा मां के लिए भी जानलेवा साबित हुआ.

सुनैना की शादी मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के गनौराबादरपुर गांव के विकास कुमार से हुई थी. मायकेवालों का आरोप है कि विकास बेरोजगार था और लगातार दहेज की मांग करता था. घरेलू विवाद बढ़ता गया जिसके बाद सुनैना ने खुदकुशी कर ली. उसके मायकेवालों ने पति और पूरे ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाया है.

अस्पताल में मां-बेटी के शव को एक साथ ट्रॉली पर रखा देख हर कोई भावुक हो उठा. परिजन और दोनों पक्षों के लोग गहरे सदमे में थे. पोस्टमार्टम को लेकर दोनों पक्षों में मतभेद भी हुआ, जिसे मधुसूदनपुर पुलिस ने शांत कराया. सुनैना के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं, बबली देवी का पार्थिव शरीर उनके भाई और अन्य रिश्तेदार गोड्डा ले गए. मां-बेटी की एक साथ मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसर गया और जिसने भी सुना उसकी आंखों में आंसू आ गए. मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष सफदर अली ने बताया कि सुनैना की मौत की सूचना पर उनकी मां बबली देवी भागलपुर आई थीं, लेकिन बेटी के शव को देखकर उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया और उनकी मौत हो गई. इस त्रासदी ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. गरीबी और घरेलू हिंसा की वजह से दो लोगों की जान चली गई.


Next Story
null