
x
100 गज के मकान ने ली मां की जान, मोबाइल रिकॉर्डिंग से खुला राज
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां महज 100 गज के मकान को लेकर एक बेटे पर अपनी ही मां की हत्या करने का आरोप लगा है। आरोप है कि मकान बहू के नाम नहीं करने पर बेटे, बहू और उसके मायके वालों ने मिलकर बुजुर्ग महिला गुड्डी देवी के साथ मारपीट की और उनकी हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के इरादे से परिवार ने अगले ही दिन सुबह चुपचाप शव का दाह संस्कार भी कर दिया। मामले में बेटी की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे अवधेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला हरदुआगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला भीमनगर का है। बुलंदशहर के पहासू निवासी कुमकुम पत्नी शैलेश सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, उनकी मां गुड्डी देवी के नाम पर 100 वर्ग गज का मकान था। इस मकान में उनके माता-पिता और छोटा भाई अवधेश रहते थे। फरवरी 2026 में अवधेश की शादी बरला क्षेत्र के गांव रहमापुर निवासी शिवानी से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही शिवानी के मायके वाले मकान को उसके नाम कराने के लिए गुड्डी देवी पर दबाव बनाने लगे। इसमें शिवानी के पिता हीरालाल, मां जानदेवी और भाई आकाश व विकास शामिल थे। मकान नाम नहीं करने पर महिला के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। गुड्डी देवी अपनी बेटी कुमकुम को भी इस बारे में बताती रहती थीं।
आधी रात तक मकान नाम कराने के लिए बनाया दबाव
कुमकुम के अनुसार, 20 अक्टूबर को अवधेश और शिवानी अपनी मां को मायके रहमापुर ले गए थे। 21 अक्टूबर की सुबह उन्हें वापस हरदुआगंज स्थित मकान में लाया गया। आरोप है कि उसी शाम अवधेश और शिवानी ने अपने मायके पक्ष के लोगों को भी घर बुला लिया। इसके बाद आधी रात तक सभी लोग गुड्डी देवी पर मकान और प्लॉट शिवानी के नाम करने का दबाव बनाते रहे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और हत्या कर दी गई।
अगले दिन चुपचाप कर दिया अंतिम संस्कार
आरोप है कि 22 अक्टूबर की सुबह परिवार के लोग बिना किसी को जानकारी दिए गुड्डी देवी का शव गांव ग्वालरा ले गए और जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करने लगे। पड़ोसियों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने दाह संस्कार रोकने की कोशिश की। आरोप है कि उन्हें धमकाकर थाने जाने से भी रोका गया। हालांकि, बेटी कुमकुम ने पुलिस से शिकायत कर दी।
मोबाइल रिकॉर्डिंग से सामने आया मामला
कुमकुम ने पुलिस को बताया कि शिवानी के भाई विकास और आकाश लगातार अवधेश को मां की हत्या के लिए उकसा रहे थे। इस संबंध में विकास के मोबाइल फोन से एक रिकॉर्डिंग भी मिली है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, रिकॉर्डिंग में हत्या की योजना से जुड़ी बातचीत सामने आई है। एसपी देहात मनीष कुमार मिश्र के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी अवधेश को शनिवार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
Next Story





