छत्तीसगढ़

CG: मां के माथे से बह रहा था खून, गुस्साए बेटे ने मामा की कर दी हत्या

Shantanu Roy
21 Nov 2026 10:37 PM IST
CG: मां के माथे से बह रहा था खून, गुस्साए बेटे ने मामा की कर दी हत्या
x
छग
Surguja. सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रवई बीजापारा में अपनी मां के साथ हो रही मारपीट देखकर गुस्साए 21 वर्षीय युवक ने अपने ही सगे मामा पर टांगी से हमला कर दिया। हमले में मामा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भांजा घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। घटना ग्राम पंचायत डुमरडीह की पहाड़ी पर स्थित कोरवा बहुल बस्ती चउरपानी लाइनपारा से जुड़ी है।

जानकारी के अनुसार, जम्हीर राम ने अपने खेतों में धान की फसल लगाई थी। फसल की देखभाल और कटाई-मिंजाई की जिम्मेदारी उसने अपनी बहन बयालो बाई और गांव के कुछ अन्य लोगों को सौंपी थी। 18 नवंबर को जम्हीर राम पेशी के सिलसिले में गांव के ही एक व्यक्ति के साथ अंबिकापुर गया हुआ था। इसी दिन उसकी बहन बयालो बाई अपने बेटे छन्दना कोरवा उर्फ छन्ना (21) और गांव की कुछ अन्य महिलाओं के साथ आधार कार्ड और राशन कार्ड का ई-केवाईसी कराने ग्राम पंचायत डुमरडीह पहुंची थी। हालांकि, किसी कारणवश उनका काम पूरा नहीं हो सका। इस वजह से वे अपनी बस्ती चउरपानी लाइनपारा वापस नहीं लौट पाए और ग्राम रवई बीजापारा में मंगल राम कोरवा के घर रुक गए।

धान की फसल को लेकर शुरू हुआ विवाद
शाम को जब जम्हीर राम अंबिकापुर से वापस लौटा तो उसे जानकारी मिली कि खेतों में धान की फसल लावारिस पड़ी है और उसकी रखवाली करने वाले लोग भी घर नहीं लौटे हैं। इस बात से नाराज होकर वह सीधे मंगल कोरवा के घर पहुंच गया। वहां मौजूद लोगों से उसने घर वापस नहीं लौटने का कारण पूछते हुए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद बयालो बाई और अन्य लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि आधार और राशन कार्ड का ई-केवाईसी नहीं हो पाने के कारण उनका काम अधूरा रह गया था। इसलिए वे अगले दिन काम पूरा कराकर वापस लौटने वाले थे। लेकिन जम्हीर राम उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हुआ।

मां को लहूलुहान देख बेटे ने उठाई टांगी
आरोप है कि विवाद के दौरान जम्हीर राम ने गुस्से में आकर अपने दाहिने हाथ में पहने लोहे के कड़े से अपनी बहन बयालो बाई की आंख के ऊपर जोरदार वार कर दिया। हमले में बयालो बाई के माथे से खून बहने लगा। मां को घायल और लहूलुहान देखकर उसका बेटा छन्दना कोरवा अपना आपा खो बैठा। गुस्से में आकर छन्दना ने पास में रखी टांगी उठा ली और अपने मामा जम्हीर राम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। टांगी से किए गए हमले में जम्हीर राम की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

टांगी छोड़कर फरार हुआ आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छन्दना टांगी को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। अगले दिन घटना की सूचना मिलने पर धौरपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। धौरपुर थाना प्रभारी सीआर चंद्रा के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मां के साथ मारपीट किए जाने से गुस्से में आकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मां के साथ हुई मारपीट से शुरू हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया और परिवार के भीतर ही एक सदस्य की जान चली गई।
Next Story