भारत

बीमार बेटी की हत्या कर मां ने दे दी जान, इलाके में सन्नाटा

Nilmani Pal
4 Jan 2026 3:30 PM IST
बीमार बेटी की हत्या कर मां ने दे दी जान, इलाके में सन्नाटा
x
पढ़े पूरी खबर

पुणे। पुणे से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक मां ने अपनी दो साल की मासूम बेटी की हत्या कर दी. इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली. यह मामला पुणे के वारजे मालवाड़ी इलाके के गोकुलनगर क्षेत्र का है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. मृतकों की पहचान दो वर्षीय शार्वी आदिनाथ देवडकर और उसकी 28 वर्षीय मां छाया देवडकर के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि आदिनाथ देवडकर अपनी पत्नी छाया और बेटी शार्वी के साथ गोकुलनगर इलाके में रहते थे. शार्वी पिछले कुछ समय से हड्डियों से जुड़ी एक गंभीर बीमारी से पीड़ित थी और उसका इलाज चल रहा था. बेटी की लंबी बीमारी और लगातार इलाज को लेकर छाया डिप्रेशन में थी.

घटना वाले दिन आदिनाथ देवडकर काम के सिलसिले में घर से बाहर थे. जब वह दोपहर में घर लौटे, तो उन्होंने जो देखा, उससे पैरों तले जमीन खिसक गई. घर के अंदर झूले में शार्वी बेसुध पड़ी थी. उसके हाथ और पैर टेप से बंधे हुए थे. वहीं दूसरी ओर छाया देवडकर घर के अंदर फंदे से लटकी मिली. घबराए आदिनाथ तुरंत वारजे मालवाड़ी पुलिस स्टेशन पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी. जानकारी मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त शीतल जानवे और पुलिस इंस्पेक्टर ढेंडे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की. मां और बेटी दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि दो साल की शार्वी की मौत गला घोंटने से हुई थी. पुलिस का मानना है कि बेटी की गंभीर बीमारी और उससे जुड़ा मानसिक दबाव इस घटना की वजह हो सकता है. फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और परिवार व पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है. शार्वी के पिता आदिनाथ संतराम देवडकर ने वारजे मालवाड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने छाया देवडकर के खिलाफ अपनी बेटी की हत्या का मामला दर्ज किया है.


Next Story
null