भारत

मस्जिद विवाद: शिमला में लोगों ने किया प्रदर्शन

Shantanu Roy
13 Sep 2024 10:14 AM GMT
मस्जिद विवाद: शिमला में लोगों ने किया प्रदर्शन
x
Shimla. शिमला। संजौली मस्जिद विवाद को लेकर अब पूरा शिमला भडक़ गया है। मस्जिद विवाद को लेकर गुरुवार को शिमला शहर के सभी क्षेत्रों के लोगों सहित कारोबारियों द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कारोबारियों और व्यापारियों ने अपने काम चार घंटे के लिए बंद रखे और मस्जिद के विरोध में प्रदर्शन रैली निकाली। इस दौरान संजौली, लोअर बाजार, टुटू, बालूगंज, विकासनगर, ढली सहित सभी क्षेत्रों के लोगों ने रैली निकाली। लोगों ने धरना प्रदर्शन के दौरान मांग की है कि संजौली मस्जिद के अवैध निर्माण को तोड़ा जाए। इसके साथ जिन भी लोगों ने मस्जिद के निर्माण कार्य में सहयोग किया है, उनकी पहचान की जाए। इसके साथ ही बाहरी राज्यों के लोगों की पूरी वेरिफिकेशन की जाए। जिन लोगों की पहचान नहीं होती है, उनके
खिलाफ कार्रवाई की जाए।

वहीं, बल प्रयोग में जो लोग घायल हुए हैं, उन्हें मुआवजा दिया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बल प्रयोग में वह लोग भी घायल हुए हैं, जो इस धरना-प्रदर्शन में शामिल ही नहीं थे। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब प्रशासन द्वारा धारा 163 लगाई गई तो स्कूलों को बंद करने के आदेश क्यों नहीं दिए थे। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों द्वारा जब जिला प्रशासन को सूचित किया गया था कि प्रदर्शन शांतिपूर्वक होगा तो धारा लगाने की क्या जरूरत थी। इस प्रदर्शन के दौरान हिंदू समुदाय के लोगों ने जयश्री राम के नारे लगाए और मस्जिद के अवैध निर्माण को तोडऩे की मांग उठाई। इस प्रदर्शन में शिमला के पूर्व विधायक और प्रदेश के पूर्व शिक्षा मंत्री सुरशा भारद्वाज सहित व्यापार मंडल के लोग भी शामिल रहे।
Next Story