भारत

एक और मरीज में मिला मंकीपॉक्स के लक्षण, आइसोलेशन वार्ड में किया गया एडमिट

Nilmani Pal
27 July 2022 2:23 AM GMT
एक और मरीज में मिला मंकीपॉक्स के लक्षण, आइसोलेशन वार्ड में किया गया एडमिट
x

दिल्ली। लोकनायक अस्पताल में मंगलवार को मंकीपॉक्स के लक्षण वाले एक और संदिग्ध मरीज को भर्ती किया गया है। यह मरीज अस्पताल की इमरजेंसी में बुखार और त्वचा पर दानों के लक्षण के साथ आया था। मरीज को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। संदिग्ध मरीज गाजियाबाद से आया है। उसे तेज बुखार और शरीर पर दाने हैं। उसे आइसोलेशन में रखा है। फिलहाल, डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है। बुधवार को उसका सैंपल जांच के लिए पुणे के लैब में भेजा जा सकता है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, यह संदिग्ध मरीज 20 दिन पहले मुंबई की यात्रा करके आया है और इससे दो महीने पहले वह फ्रांस की राजधानी पेरिस गया था।

लोकनायक अस्पताल में भर्ती मंकीपॉक्स के पहले मरीज की तबीयत में सुधार हो रहा है। वह फोन पर परिजनों से बातचीत कर रहा है और अब दर्द भी नहीं है। अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि अब उसके शरीर और नए दाने निकलने बंद हो चुके हैं। शरीर पर पूरी तरह दाने खत्म होने के बाद उसका सैंपल दोबारा जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा।

दिल्ली में मंकीपॉक्स के मरीज के संपर्क में आए एक व्यक्ति ने बदन दर्द की शिकायत की है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी है। मंकीपॉक्स का दिल्ली का पहला मरीज लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल के पृथक-वार्ड में भर्ती है। उसके अहम जैव मापदंड स्थिर हैं लेकिन घाव भरने में कम से कम एक हफ्ता लगेगा।

Next Story