भारत

धन बरसेंगे, तांत्रिक के झांसे में आया रिटायर्ड टीचर, पूरी कमाई गँवा बैठा

Nil dhankar
23 Jun 2025 7:33 AM IST
धन बरसेंगे, तांत्रिक के झांसे में आया रिटायर्ड टीचर, पूरी कमाई गँवा बैठा
x
पढ़े पूरी खबर

महाराष्ट्र। जालना में पैसों की बारिश कर पैसे दोगुने कर देने का झांसा देकर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है. यहां एक रिटायर्ड शिक्षक से 46 लाख रुपये का फ्रॉड हुआ है. इस मामले में सदर बाजार पुलिस स्टेशन में आरोपी रतन लांडगे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. जादू-टोना कर एक लाख को एक करोड़ रुपये में बदलने का दावा कर पहले भी ठगी के आरोप में रतन लांडगे को तालुका जालना पुलिस ने गिरफ्तार किया था. अब रतन लांडगे की ठगी का एक और कारनामा सामने आया है.

'पैसों की बारिश करता हूं, पैसे दोगुने कर देता हूं...' ऐसा झांसा देकर रतन लांडगे और उसके एक साथी ने बुलढाणा जिले के चिखली निवासी रिटायर्ड शिक्षक रामेश्वर उबाळे से 46 लाख रुपये ठग लिए. सबसे पहले रामेश्वर उबाळे की जालना बस स्टैंड पर एक व्यक्ति से मुलाकात हुई थी. वह व्यक्ति पैसे डबल करने का लालच देते हुए उबाळे को जालना निवासी रतन आसाराम लांडगे के घर ले गया. वहां रतन लांडगे ने पहले पूजा-पाठ कर पैसों की बारिश का नाटक किया और फिर उबाळे से 46 लाख रुपये ले लिए.

इसके बाद पूजा में बाधा आ रही है, ऐसा कहकर दोनों ने पूजा करना बंद कर दी. जब उबाळे को ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने पैसे वापस मांगे, लेकिन रतन लांडगे और उसके साथी ने पैसे वापस नहीं किए. ऐसे में रामेश्वर उबाळे ने सदर बाजार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. फिलहाल आरोपी रतन लांडगे तालुका जालना पुलिस की गिरफ्त में हैं और सदर बाजार पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.

Next Story
null