भारत
मोदी सरकार दे रही है विकास को गति, भाजपा ने गिनाई हिमाचल को मिली केंद्रीय सौगातें
Shantanu Roy
29 Nov 2026 9:14 PM IST

x
Hospice. धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने धर्मशाला से जारी बयान में कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले चार सालों से कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश में विकास के नाम पर एक ईंट तक नहीं लगाई है, सिर्फ महंगाई, टैक्स और जनता पर बोझ ही दिया है। विश्व चक्षु ने कहा कि कांग्रेस की यह सरकार सुख की सरकार नहीं, बल्कि महंगाई की मार सरकार बन गई है। उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों में इस सरकार ने किया ही क्या है? डिपुओं में मिलने वाला राशन महंगा, सीमेंट महंगा, स्टांप ड्यूटी में भारी बढ़ोतरी, एचआरटीसी के किराए में बढ़ोतरी, बिजली महंगी और तो और सरकारी अस्पतालों में जो पर्ची मुफ्त मिलती थी, उस पर भी पैसे वसूले जा रहे हैं। 125 यूनिट फ्री बिजली और सस्ते राशन के वादे कर सत्ता में आई कांग्रेस आज हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है।
एडवोकेट विश्व चक्षु ने कहा कि एक तरफ देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल को लगातार बड़े प्रोजेक्ट दे रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश की कांग्रेस सरकार उन पर भी ब्रेक लगाने का काम कर रही है। हिमाचल को एम्स बिलासपुर, अटल टनल रोहतांग जैसी विश्वस्तरीय सौगात, वंदे भारत ट्रेन, बल्क ड्रग पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क और हजारों करोड़ की सड़क परियोजनाएं केंद्र की भाजपा सरकार ने दी हैं। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि से हिमाचल का हर परिवार लाभान्वित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सरकार ने हिमकेयर योजना, सहारा योजना, शगुन योजना, 125 यूनिट मुफ्त बिजली, ग्रामीण महिलाओं के लिए गृहिणी सुविधा योजना और बुजुर्गों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की थी।भाजपा सरकार ने बिना किसी अतिरिक्त बोझ के जनकल्याण किया, जबकि कांग्रेस सरकार हर योजना पर पैसा वसूल रही है। गरीब, किसान, कर्मचारी, छात्र, हर वर्ग इस महंगाई से त्रस्त है। कांग्रेस सरकार कर्ज पर कर्ज लेकर और महंगाई बढ़ाकर अपनी नाकामियों को छुपा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चार साल का कार्यकाल हिमाचल के इतिहास में सबसे निराशाजनक और महंगाई भरा कार्यकाल के रूप में याद किया जाएगा, जिसका जवाब जनता आने वाले चुनावों में देगी।
Next Story





