
x
पढ़े पूरी खबर
यूपी। सिद्धार्थनगर में एक युवक के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के जनिकौरा गांव के चौराहे पर बुधवार रात एक दुकानदार की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर थाना क्षेत्र के ही एक गांव के रहने वाले तीन युवकों पर दुकान के बाहर बुलाकर पहले पिटाई करने व बेहोश होने पर खंभे से बांधकर अमानवीय रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी तहरीर में थाना क्षेत्र के ही भुसैलवा गांव निवासी दुकानदार के भाई आशीष कुमार पाठक ने बताया कि उसका भाई आदर्श पाठक जनिकौरा चौराहे पर दुकान चलाता है। बुधवार आधी रात को एक गांव के तीन युवक दुकान के बाहर पहुंचे और शटर पीटने लगे। शटर खोलते ही तीनों ने आदर्श पर अचानक हमला कर दिया। बुरी तरह पीटे जाने से वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी उसे बेहोशी की हालत में खींचकर एक खंभे से बांध दिए और उसके घावों पर नमक छिड़ककर मारपीट जारी रखी। इस दौरान किसी राहगीर ने घटना की जानकारी गांव वालों को दी तब जाकर पीड़ित को छुड़ाया जा सका।
पीड़ित के भाई के मुताबिक स्थानीय लोगों की मदद से घायल आदर्श को तत्काल सीएचसी इटवा लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर वीरेन्द्र कुंवर ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है।
Next Story





