भारत

44 डिग्री से घटकर 41 पर आया पारा, अभी और तपाएगा जेठ का महीना

Shantanu Roy
25 May 2026 4:24 PM IST
44 डिग्री से घटकर 41 पर आया पारा, अभी और तपाएगा जेठ का महीना
x
ऊना। जिला ऊना के हरोली क्षेत्र में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। कई पंचायतों में सुबह के समय आसमान में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को कुछ देर के लिए गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन दिन चढऩे के साथ तेज धूप और उमस ने फिर से लोगों की परेशानियां बढ़ा दीं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार सुबह मौसम खराब होने और हल्की बारिश के कारण लोगों को उम्मीद थी कि तापमान में गिरावट आएगी और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि बूंदाबांदी ज्यादा देर तक नहीं चली और कुछ ही समय बाद मौसम साफ हो गया। इसके बाद धूप निकलने से गर्मी का असर फिर बढ़ गया। दिन के समय उमस भी अधिक महसूस की गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले, जबकि दोपहर के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल देखने को मिली। पिछले चार दिनों से जिला ऊना में तापमान लगातार 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच ऊपर-नीचे चल रहा है।

शुक्रवार और गुरुवार को तो पारा 44 डिग्री से ऊपर पहुंच गया था, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। रविवार को तापमान में हल्की गिरावट जरूर दर्ज हुई, लेकिन गर्मी का असर बरकरार रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री और न्यूनतम 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री और न्यूनतम 21.4 डिग्री रहा। गुरुवार को अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री और न्यूनतम 20.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। लगातार पड़ रही गर्मी का असर आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय सडक़ों पर आवाजाही कम हो रही है और लोग छांव वाले स्थानों पर रुकने को मजबूर हैं। गर्म हवाओं के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। वहीं सुबह की बूंदाबांदी के बाद बढ़ी उमस ने भी लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। गर्मी के चलते पंखे और कूलर भी राहत देने में पूरी तरह सक्षम नहीं दिख रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और मजदूरों को भी मौसम की मार झेलनी पड़ रही है। सुबह के समय कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन दिन चढ़ते ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने खेतों में काम करना मुश्किल कर दिया। वहीं, बाजारों में ठंडे पेय पदार्थों, फलों और बर्फ की मांग लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी क्षेत्र में गर्मी का असर बना रह सकता है। रविवार सुबह बदले मौसम ने कुछ समय के लिए राहत जरूर दी, लेकिन तेज गर्मी और उमस के कारण जिला ऊना के लोगों को अभी भी राहत का इंतजार है।
Next Story