भारत

चंद्राकड़ी के जंगल में भडक़ी भीषण आग

Shantanu Roy
21 May 2026 5:15 PM IST
चंद्राकड़ी के जंगल में भडक़ी भीषण आग
x
Sarkaghat. सरकाघाट। सरकाघाट क्षेत्र के चंद्राकड़ी वन में मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे भीषण आग लगने से पूरे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोरगलू क्षेत्र में पुराने रास्ते के साथ आईपीएच के पानी के टैंक के समीप अज्ञात लोगों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और जंगल का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। आग की सूचना मिलते ही फॉरेस्ट गार्ड संजय कुमार अपने सहयोगी फायर वाचर विनोद कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ वन मित्र आयुषी, वीओ विजय कुमार तथा स्थानीय निवासी बलबीर सिंह बंटी सहित अन्य ग्रामीण भी आग बुझाने के प्रयास में
जुट गए।


सभी ने देर रात करीब 11 बजे तक आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया था, लेकिन बुधवार सुबह एक बार फिर आग भडक़ उठी और तेजी से जंगल के अन्य हिस्सों में फैलने लगी। बाद में वन विभाग और अग्निशमन विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं, लेकिन दुर्गम रास्ता होने के कारण दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। पाइप भी सीमित दूरी तक ही पहुंच पाए, जिससे आग बुझाने में काफी परेशानी हुई। हालांकि सडक़ किनारे तक पहुंची आग पर कर्मचारियों ने काबू पाया, लेकिन जंगल के अंदरूनी हिस्सों में आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो सका। आग में सैकड़ों पेड़-पौधों और वन्य जीवों के प्रभावित होने की आशंका है। वन खंड अधिकारी मदन लाल ने लोगों से जंगलों को आग से बचाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है।
Next Story