भारत

बुलंदशहर में खाद्य विभाग का बड़ा छापा, 2100 लीटर सरसों का तेल सीज

Shantanu Roy
3 Nov 2026 7:44 PM IST
बुलंदशहर में खाद्य विभाग का बड़ा छापा, 2100 लीटर सरसों का तेल सीज
x
देखें VIDEO...
Bulandshahr. बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार शाम खाद्य सुरक्षा विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंडी दानगंज स्थित 'श्री गोपाल जी ट्रेडर्स' के प्रतिष्ठान और गोदाम पर छापेमारी की। इस दौरान टीम को भारी मात्रा में एक्सपायर्ड और खुला सरसों का तेल मिला। अधिकारियों ने कुल 2100 लीटर खाद्य तेल सीज किया है। इनमें 1300 लीटर एक्सपायर्ड तेल और 800 लीटर खुला
सरसों का तेल
शामिल है। कार्रवाई के दौरान तीन नमूने भी एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग को खुर्जा की मंडी दानगंज में नियमों के विरुद्ध खुले सरसों के तेल की बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद अधिकारियों ने तहसील प्रशासन के साथ मिलकर संबंधित कारोबारी के प्रतिष्ठान पर दबिश दी। टीम ने दुकान और गोदाम में रखे खाद्य तेल के स्टॉक की जांच की। निरीक्षण के दौरान अलग-अलग ड्रम में रखा लगभग 800 लीटर खुला सरसों का तेल मिला।


इसके अलावा पैकिंग में रखा करीब 1300 लीटर ऐसा तेल भी मिला, जिसकी एक्सपायरी अवधि समाप्त हो चुकी थी। इतनी बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड तेल मिलने के बाद अधिकारियों ने कारोबारी से इसके भंडारण और उपयोग के संबंध में जानकारी मांगी। हालांकि, विभागीय अधिकारियों के मुताबिक कारोबारी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उसने दावा किया कि एक्सपायर्ड तेल खाद्य उपयोग के लिए नहीं, बल्कि औद्योगिक इस्तेमाल के लिए सप्लाई किया जाना था। खाद्य सुरक्षा विभाग अब इस दावे की जांच कर रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-2 ममता चौधरी ने बताया कि 'श्री गोपाल जी ट्रेडर्स' खाद्य तेल के व्यापार के लिए ट्रेडर के रूप में पंजीकृत है। इस पंजीकरण के आधार पर कारोबारी को खुले तेल की बिक्री करने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद प्रतिष्ठान में बड़ी मात्रा में खुला सरसों का तेल मिलने पर विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई शुरू की है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने सरसों के तेल और सोयाबीन रिफाइंड तेल सहित तीन नमूने लिए।

इनमें सलोनी ब्रांड के खाद्य तेल का नमूना भी शामिल है। इन नमूनों को गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि संबंधित खाद्य तेल गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरता है या नहीं। अधिकारियों ने बताया कि एक्सपायर्ड तेल और खुले तेल को सीज कर दिया गया है, ताकि जांच और आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जा सके। विभागीय जानकारी के अनुसार, आगामी कार्रवाई तक संबंधित प्रतिष्ठान की बिक्री पर भी रोक लगाई गई है। नमूनों की रिपोर्ट और
अन्य जांच
के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं, खुर्जा के एसडीएम सत्येंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में खुले खाद्य तेल की बिक्री करने वाले अन्य व्यापारियों को भी निर्धारित नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद खाद्य तेल के भंडारण, उसकी एक्सपायरी अवधि और बिक्री संबंधी नियमों का मुद्दा सामने आया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में नियमानुसार मुकदमा दर्ज करने सहित आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
Next Story