
x
आजमगढ़ में चार हत्याओं के आरोपी
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पत्नी, दो पुजारियों और बेटे की हत्या के मामले में आरोपी अरविंद सिंह पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया। घटना अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले अपनी पत्नी और घर में धार्मिक अनुष्ठान करा रहे दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद वह अपने तीन बच्चों को लेकर घर के एक कमरे में बंद हो गया। करीब आठ घंटे तक चले बंधक संकट के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
मंगलवार शाम अरविंद सिंह के घर धार्मिक अनुष्ठान चल रहा था। वहां उसकी पत्नी बबीता सिंह के साथ कई पुजारी मौजूद थे। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार इसी दौरान अरविंद का पुजारियों से विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद उसने फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी और दो पुजारियों की मौके पर मौत हो गई। मृत पुजारियों की पहचान महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा के रूप में हुई है।
तीन लोगों की हत्या के बाद आरोपी अपने तीन बच्चों के साथ कमरे में बंद हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और परिवार के सदस्यों ने कई घंटे तक अरविंद को समझाकर आत्मसमर्पण कराने और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वह बाहर आने के लिए तैयार नहीं हुआ।
आजमगढ़ के एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के अनुसार आरोपी लगातार बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे रहा था। इसी दौरान कमरे के अंदर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने बेटे को गोली मार दी। इसके बाद बच्चों की जान बचाने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने कमरे में प्रवेश किया। आरोपी ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में अरविंद सिंह घायल हो गया। आरोपी और गोली लगने से घायल उसके बेटे को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने कमरे में मौजूद दो अन्य बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम और हत्या के पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। इस वारदात में आरोपी समेत कुल पांच लोगों की जान गई है। एक ही परिवार और धार्मिक अनुष्ठान से जुड़ी इस घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल रहा।
Next Story





