भारत

चिट्टा तस्करी का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त, 274 ग्राम खेप के साथ 3 सप्लायर गिरफ्तार

Shantanu Roy
8 July 2026 3:37 PM IST
चिट्टा तस्करी का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त, 274 ग्राम खेप के साथ 3 सप्लायर गिरफ्तार
x
Noorpur. नूरपुर। नशे के विरुद्ध चलाए अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की सीआईए टीम ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए थाना डमटाल क्षेत्र में 274 ग्राम चिट्टा बरामद कर अंतरराज्यीय नशा तस्करी से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने बताया कि मंगलवार को सीआईए स्टाफ, पुलिस जिला नूरपुर की टीम नियमित गश्त एवं मादक पदार्थों की रोकथाम हेतु क्षेत्र में मौजूद थी।

इसी दौरान विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि अमृतसर पंजाब से एक स्विफ्ट कार में सवार तीन व्यक्ति भारी मात्रा में चिट्टा/हेरोइन लेकर भदरोआ, कंडवाल एवं आसपास के क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करने आ रहे है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार भदरोआ के समीप वन विभाग विश्राम गृह के पास नाकाबंदी की गई। संदिग्ध वाहन के पहुंचने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान पीछे की सीट पर बैठे आरोपी कुनाल अरोड़ा के कब्जे में मौजूद काले रंग के स्लिंग बैग से 274 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई, जिसे मौके पर विधिवत जब्त किया गया।

साथ ही उक्त वाहन को भी कब्जे में लिया गया। इस संबंध में पुलिस थाना डमटाल में धारा 21, 25 & 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए हैं, जिनकी पहचान कुनाल अरोड़ा निवासी अमृतसर, पंजाब। हैरी निवासी बटाला, जिला गुरदासपुर, पंजाब तथा मोहित कुमार निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से यह मामला अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था तथा इसे किन व्यक्तियों तक पहुंचाया जाना था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
Next Story