
x
देखे विडिओ
Faridabad फरीदाबाद: फरीदाबाद के पास एक निर्माणाधीन स्थल पर गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया, जिसमें क्रेन गिरने से कई लोग इसकी चपेट में आ गए। पुलिस के अनुसार यह घटना दोपहर करीब 3 बजे हुई, जब मौसम खराब होने के कारण क्रेन संतुलन खो बैठी और पास में मौजूद एक कंटेनर पर गिर गई। डीसीपी प्रतीक अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के समय कंटेनर के अंदर 4 लोग मौजूद थे। क्रेन गिरने के बाद कंटेनर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और लोग उसमें फंस गए। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक व्यक्ति को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया है, जिसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एसडीआरएफ की टीम ने मलबे से तीन लोगों के शव बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, कंटेनर पूरी तरह से दब गया था, जिसके कारण रेस्क्यू कार्य में काफी कठिनाई आई। मौके पर पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत अभियान चलाया।
प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खराब मौसम और निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की कमी इस हादसे का कारण मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है और मलबे की पूरी तरह से जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य व्यक्ति फंसा न हो।
Next Story





