भारत

पंजाब से चिट्टे का मेन सप्लायर अरेस्ट

Shantanu Roy
8 Jun 2026 4:14 PM IST
पंजाब से चिट्टे का मेन सप्लायर अरेस्ट
x
Shimla. शिमला। शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब के एक कथित ड्रग सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना बालूगंज में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के अभियोग संख्या 97/2026 की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई। इस मामले में 22 मई 2026 को पुलिस ने चार आरोपियों के कब्जे से 30.35 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मोगा और भठिंडा (पंजाब) के रहने वाले गुरप्रीत सिंह, संदीप, लखवीर सिंह उर्फ गग्गू तथा केवल सिंह उर्फ गगन शामिल थे। आरोपियों के डिजिटल साक्ष्यों, बैंक खातों के लेन-देन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और व्हाट्सएप चैट का
विस्तृत विश्लेषण किया गया।


जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी लंबे समय से चंडीगढ़ निवासी जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी के संपर्क में थे और उसके साथ मिलकर चिट्टा तस्करी के नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। पुलिस के अनुसार जसप्रीत आरोपियों को मादक पदार्थों की बिक्री के बदले कमीशन देता था और अधिकांश लेन-देन नकद माध्यम से किए जाते थे। हालांकि बैंक खातों की जांच में संदीप और जसप्रीत सिंह के बीच वित्तीय लेन-देन के प्रमाण भी मिले हैं। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस थाना बालूगंज की टीम ने दो जून, 2026 को जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी (36) निवासी हरियाना होशियारपुर, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। वर्ष 2024 में पश्चिम शिमला थाना क्षेत्र में उसके खिलाफ 13.55 ग्राम चिट्टा बरामदगी का मामला दर्ज हुआ था। एएसपी शिमला अभिषेक का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है।
Next Story