भारत

फ्लाइट में महुआ मोइत्रा की फजीहत, चोर कहकर किया गया अपमानित

Nilmani Pal
8 May 2026 6:41 AM IST
फ्लाइट में महुआ मोइत्रा की फजीहत, चोर कहकर किया गया अपमानित
x
वीडियो

बंगाल। पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से लोकसभा सांसद और तृणमूल कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता महुआ मोइत्रा ने अपने साथ फ्लाइट में बदसलूकी होने और सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन होने का आरोप लगाया है। इस बारे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना गुरुवार को उस वक्त हुई जब वे संसदीय समिति की बैठक के सिलसिले में कोलकाता से दिल्ली आ रही थीं। उन्होंने बताया कि इसी दौरान विमान (6E 719) में चढ़े कुछ लोग ना केवल उन्हें घूरते हुए निकले बल्कि विमान के दिल्ली में उतरने के बाद उन्होंने उकसाने वाले व आपत्तिजनक नारे भी लगाए और इस घटना को रिकॉर्ड भी किया। लोगों की इस हरकत को उन्होंने अपना उत्पीड़न और विमान के अंदर अपनी सुरक्षा का उल्लंघन बताया और इस मामले में विमान कंपनी के पास 7 पेजों की औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त ऐक्शन लेने की मांग की।

इस घटना से जुड़ा वीडियो शेयर करते हुए महुआ मोइत्रा ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'अलर्ट! आज मैं एक सरकारी काम से दिल्ली गई थी, जहां मुझे रक्षा मामलों की संसदीय स्थायी समिति की बैठक में शामिल होना था। मैं इंडिगो की 6E-719 फ़्लाइट में सीट नंबर 1F पर बैठी थी। इसी दौरान 4-6 लोग एक ग्रुप में फ़्लाइट में चढ़े और मुझे घूरते हुए फ्लाइट के पिछले हिस्से में जाकर बैठ गए।' तृणमूल सासंद ने आगे बताया कि 'जब फ्लाइट लैंड हुई तो दरवाजे खुलने से ठीक पहले उन्होंने यह हरकत (नारे लगाने वाली) की और इसका वीडियो भी बनाया।' आगे लोगों के व्यवहार पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने इसे नागरिकों का गुस्सा मानने से इनकार कर दिया और इसे स्पष्ट रूप से अपना 'उत्पीड़न' और फ़्लाइट के अंदर अपनी सुरक्षा का उल्लंघन बताया। आगे उन्होंने कहा कि 'यह बिल्कुल मुमकिन नहीं है कि ये बदतमीज लोग फ़्लाइट के अंदर इस तरह का उत्पीड़न करके बच निकलें।'

इसके आगे मोइत्रा ने विमान कंपनी इंडिगो से इन यात्रियों को शर्मिंदा करने के लिए क्रू रिपोर्ट सार्वजनिक करने को कहा, साथ ही ऐसे यात्रियों को 'नो-फ्लाई लिस्ट' में डालने की मांग भी की। अपनी इस पोस्ट को उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को भी टैग किया और उनसे भी इस मामले में कार्रवाई करने का अनुरोध किया। महुआ ने जो वीडियो शेयर किया उसमें फ्लाइट से उतरने के लिए खड़े यात्री दिखाई दे रहे हैं, इसी बीच आगे की तरफ कुछ लोग 'जय श्री राम', 'जय-जय श्रीराम', 'चोर-चोर-चोर TMC चोर' के अलावा 'दीदी चोर, भाई चोर, तृणमूल में सब चोर' और 'चोर-चोर तृणमूल में सभी चोर' जैसे नारे लगाते हुए सुनाई दिए। हालांकि जिन लोगों ने यह नारे लगाए उनके चेहरे तो दिखाई नहीं दिए, लेकिन उन लोगों ने यह नारे तृणमूल कांग्रेस पार्टी की सांसद को उकसाने के लिए लगाए थे।


Next Story