भारत

कांडी गांव के प्रवास पर निकले महासू देवता

Shantanu Roy
3 April 2024 12:16 PM GMT
कांडी गांव के प्रवास पर निकले महासू देवता
x
शिलाई। क्षेत्र की आस्था के प्रतीक कोटी सिद्धपीठ के महासू देवता मंगलवार को कांडी गांव के प्रवास पर निकले, जहां पूरी रात देवता की पूजा अर्चना की गई। बीते रविवार को देवता अपने गर्भगृह से बाहर निकले तथा तीन दिनों तक भंडार में रहे। कांडी गांव के भंडारी बंधु महासू देवता के मुख्य करिंदे हैं। बीते तीन दिनों से देवता अपने प्रवास भंडार में विराजमान रहे। मंगलवार अपराहन के बाद देवता की जातर कांडी गांव के लिए आरंभ हुई। इस यात्रा में देव करिंदे माली, ठाणी, भंडारी, ढहढोवारी, प्लगयारे, लकडिय़ारे, पुजारी सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं का काफिला गांव कांडी के लिए रवाना हुआ। ढोल-नगाड़े, रणसिंगे के रणबाजे व देव धुनों के साथ चार महासू के जयघोष से संपूर्ण माहौल भक्तिमय हो गया। सर्वप्रथम चालदा महासू की पालकी अपने बड़े भाई बोठा महासू के दर्शन के लिए उनके गर्भगृह में गई।

उसके पश्चात श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए बागड़ी आई। श्रद्धालुओं के दर्शनों के पश्चात देवता की यात्रा शुरू हुई। देव भंडारी डा. हीरा सिंह नेगी व सुशील नेगी ने देव पालकी को कंधा देकर देव यात्रा आरंभ की। सैकड़ों महिला, पुरुषों व बच्चों ने इस पुण्य पर्व का लाभ उठाया। देवता संध्या काल में गांव कांडी पहुंचा, जहां देवता की तीन पहर की पूजा अर्चना की गई। पूजा अर्चना के दौरान देव गाथा बिरसु गायन गाया गया। गायन के दौरान कई देव मालियों में देव हवा प्रकट हुई। इस दौरान सभी श्रद्धालुओं को भंडारे का आयोजन किया गया जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। कांडी गांव के भंडारी बंधु डा. हीरा सिंह नेगी, कल्याण सिंह नेगी, सुशील नेगी, ध्यान सिंह नेगी, बाजू नेगी, रमेश नेगी व सुनील नेगी ने बताया कि उन सात परिवारों को सारी जमीन जायदाद महासू देवता ने दी है तथा वहां सदियों से देव करिंदे हैं।
Next Story