भारत

प्रेमिका की हत्या कर वकील के पास पहुंचा प्रेमी, इंस्टाग्राम में मिले थे और रहने लगे थे पति-पत्नी मानकर

Nil dhankar
17 Jun 2026 6:57 AM IST
प्रेमिका की हत्या कर वकील के पास पहुंचा प्रेमी, इंस्टाग्राम में मिले थे और रहने लगे थे पति-पत्नी मानकर
x
पढ़े पूरी खबर

बेंगलुरु। बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के मल्लेश्वरम इलाके में एक 27 वर्षीय युवक ने अपनी 20 साल की लिव-इन पार्टनर की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी और वे पिछले कुछ समय से साथ रह रहे थे।

मृतका की पहचान अनुषा (20) और आरोपी की पहचान शरत (27) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से हासन जिले के सकलेशपुर के रहने वाले थे। इंस्टाग्राम पर दोस्ती होने के बाद दोनों करीब आए और पिछले छह महीने से बेंगलुरु के मल्लेश्वरम इलाके में एक साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात को दोनों के बीच किसी निजी मुद्दे को लेकर बहस हुई थी। यह बहस इतनी बढ़ गई कि शरत ने कथित तौर पर अनुषा का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बता दें कि आरोपी शरत शहर में पानी का टैंकर चलाने का काम करता था।

इस खौफनाक वारदात का खुलासा घटना के दो दिन बाद यानी सोमवार को तब हुआ, जब आरोपी शरत ने अपने एक वकील को इस हत्या के बारे में बताया। इसके बाद वकील ने तुरंत पुलिस को मामले की अलर्ट किया। सूचना मिलते ही शेषाद्रिपुरम पुलिस स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर तलाशी अभियान शुरू किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद अनुषा का शव उसके परिवार वालों को सौंप दिया गया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है, उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।


Next Story