भारत

अकेले UP चुनाव लड़ेगी LJP...

SHIDDHANT
21 Sept 2026 8:45 PM IST
अकेले UP चुनाव लड़ेगी LJP...
x
यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर LJP एक्टिव
Prayagraj. प्रयागराज। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में जुट गई है। इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान 27 सितंबर को प्रयागराज पहुंचेंगे।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि LJP रामविलास फिलहाल उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन नहीं होता है तो पार्टी अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी। राजीव पासी ने बताया कि चिराग पासवान प्रयागराज के परेड ग्राउंड में युवा सम्मेलन और जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए पार्टी युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पासी समाज के साथ-साथ अन्य वर्गों के लोग भी पार्टी से जुड़ रहे हैं। पार्टी युवाओं को केंद्र में रखते हुए चुनावी रणनीति तैयार कर रही है। उन्होंने बताया कि ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम के माध्यम से चिराग पासवान युवाओं के सवालों का जवाब देंगे और उनसे संवाद करेंगे। राजीव पासी ने पार्टी के अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि LJP रामविलास ने “क्यों मांगे उधार, जब अपना नेता तैयार” का नारा दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के बीच जाकर संगठन को मजबूत करने का काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले 5 जुलाई को लखनऊ में चिराग पासवान ने अभियान की शुरुआत की थी। अब प्रयागराज के बाद वाराणसी, गोरखपुर और लखनऊ समेत अन्य शहरों में भी बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में करीब 108 विधानसभा सीटों पर पासवान समाज की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसके अलावा पार्टी ने 101 विधानसभा सीटों के लिए विशेष तौर पर चुनाव प्रभारियों की नियुक्ति की है। गठबंधन के सवाल पर राजीव पासी ने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है।
Next Story