भारत

असम विधानसभा चुनाव को लेकर डिब्रूगढ़ में शराबबंदी घोषित

Nilmani Pal
5 April 2026 11:56 AM IST
असम विधानसभा चुनाव को लेकर डिब्रूगढ़ में शराबबंदी घोषित
x

डिब्रूगढ़। असम विधानसभा चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए डिब्रूगढ़ के जिला मजिस्ट्रेट ने पूरे जिले में शराबबंदी (ड्राई डे) घोषित कर दी है। स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए डीएम की ओर से आदेश जारी किया गया है।शराब से संबंधित सभी दुकानों को 4 दिनों के लिए बंद रखने का आदेश जारी हुआ है। आदेश के अनुसार, डिब्रूगढ़ में 7 अप्रैल को शाम 5:00 बजे से 9 अप्रैल तक शराब बंदी रहेगी। इसके अलावा 4 मई को भी मतगणना प्रक्रिया पूरी होने तक शराब की दुकानें बंद रहेंगी।

आदेश के अनुसार, थोक गोदाम, आईएमएफएल खुदरा दुकानें, क्लब, होटल के बार, देसी शराब की दुकानें और शराब की बिक्री या सेवा से जुड़े अन्य सभी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। इसके अतिरिक्त, इस अवधि के दौरान व्यक्तियों द्वारा शराब का भंडारण सख्ती से प्रतिबंधित रहेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस वाले परिसरों में शराब के भंडारण पर आबकारी कानून के तहत लगाए गए प्रतिबंधों का सख्ती से पालन किया जाएगा। आदेश का उल्लंघन करने पर असम आबकारी अधिनियम और नियमों के संबंधित प्रावधानों के साथ-साथ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135(सी) के तहत कार्रवाई की जाएगी। कोकराझार के जिला मजिस्ट्रेट पी. उदय प्रवीण ने चुनावों के स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए एक सप्ताह पहले ही इस तरह की घोषणा कर दी थी।

चुनाव आयोग ने 15 मार्च को असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के साथ-साथ गोवा, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नगालैंड और त्रिपुरा की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया था। 9 अप्रैल को होने वाले चुनावों के लिए असम, केरल और पुडुचेरी में कुल 1,955 उम्मीदवार मैदान में हैं। असम में कुल 126 विधानसभा सीटें हैं, जिनके लिए 722 उम्मीदवारों ने ताल ठोकी है। इसमें राजनीतिक दल और निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं।

Next Story