भारत

महाराष्ट्र में दूसरे दिन 50 हजार से कम केस, मुंबई में इतने कम मिले मरीज

Apurva Srivastav
3 May 2021 5:24 PM GMT
महाराष्ट्र में दूसरे दिन 50 हजार से कम केस, मुंबई में इतने कम मिले मरीज
x
महाराष्ट्र में लॉकडाउन के बीच कोरोना की रफ्तार कम होने लगी है।

महाराष्ट्र में लॉकडाउन के बीच कोरोना की रफ्तार कम होने लगी है। लगातार दूसरे दिन राज्य में 50 हजार से कम नए केस सामने आए हैं तो रिकवरी बढ़ने के साथ एक्टिव केस में भी कमी आने लगी है। मुंबई में भी कोरोना केस तेजी से कम हो रहे हैं। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 48,621 नए केस सामने आए हैं तो 567 लोगों की मौत हुई है।

महाराष्ट्र में 24 घंटे में 59,500 लोग रिकवर हुए हैं इसके बाद एक्टिव केस घटकर 6,56,870 रह गए हैं। आज ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी कहा है कि महाराष्ट्र में संक्रमण घटने के संकेत मिलने लगे हैं। राज्य के 12 जिलों में कोरोना केस कम हो रहे हैं।
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में सोमवार को मध्य मार्च के बाद सबसे कम 2662 नए मामले सामने आए जबकि 78 लोगों की इस संक्रमण से मौत हो गई। बृहन्मुम्बई महानगरपालिका (बीएमसी) के आंकड़ों के अनुसार इसके साथ ही महानगर में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 6,58,866 हो गई है जबकि 13,408 लोगों की इससे मौत हो चुकी है। शहर में गत 24 घंटे में बस 23,542 नमूनों की कोविड-19 जांच की गई। अब तक यहां 55,13,783 जांच की जा चुकी हैं। सोमवार को जो नए मामले सामने आए वो 17 मार्च के बाद सबसे कम रोजाना मामले हैं। यहां 17 मार्च को 2377 मामले सामने आए थे।
सामान्यत: सोमवार को सप्ताह के अन्य दिनों की तुलना में कम मामले सामने आते हैं क्योंकि सप्ताहांत पर कोरोना वायरस जांच कम हो जाती है। रविवार को यहां कोविड-19 के 3672 नए मामले सामने आए थे और 79 मरीजों की जान चली गयी थी। यहां मामले लगातार घट रहे हैं। बीएमसी के अनुसार गत 24 घंटे में यहां 5,746 मरीजों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई। इसके साथ ही महानगर में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 5,89,619 हो गई है। यहां इस समय 54,143 मरीज उपचाराधीन हैं। मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 89 हो गई है।


Next Story