भारत

मोबाइल पोल के लिए खोदे गए गड्ढे में फंसे तेंदुए के शावक का दो घंटे बाद सफल रेस्क्यू

Shantanu Roy
25 July 2026 3:40 PM IST
मोबाइल पोल के लिए खोदे गए गड्ढे में फंसे तेंदुए के शावक का दो घंटे बाद सफल रेस्क्यू
x
नाहन। जिला मुख्यालय नाहन से सटे नाहन-कुम्हारहट्टी एनएच-907ए पर जांगीरुख के समीप मोबाइल पोल लगाने के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में तेंदुए का करीब एक माह का दूधमुंहा शावक फंसा मिला। सूचना मिलते ही वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद शावक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार कच्चा टैंक निवासी फहीम और जीशान शुक्रवार को जमटा की ओर जा रहे थे। रास्ते में पैराफिट के पास बैठने के दौरान उन्हें किसी छोटे जीव के रोने की आवाज सुनाई दी।
मोबाइल की रोशनी से देखने पर गहरे गड्ढे में तेंदुए का शावक फंसा दिखाई दिया। दोनों युवकों ने बिना जोखिम उठाए तुरंत वन विभाग को सूचना दी। डीएफओ अवनी भूषण राय के निर्देश पर जमटा वन परिक्षेत्र के रेंज अधिकारी प्रेम कंवर, बीट अधिकारी और वनरक्षक मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढे के समानांतर दूसरा गड्ढा खोदा गया, जिसके बाद शावक को सावधानीपूर्वक सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेंज अधिकारी प्रेम कंवर ने बताया कि शावक एक माह का है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे पशु चिकित्सालय ले जाया गया है, जहां से आगे की देखभाल के लिए वन्य जीव विभाग रेणुकाजी भेजा जाएगा।
Next Story