
यूपी। कानपुर में पुलिस ने ऑपरेशन महाकाल लंच होते ही पहली बड़ी कार्रवाई की है। शहर के चर्चित वकील अखिलेश दुबे को पुलिस ने ‘ऑपरेशन महाकाल’ के तहत बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। भाजपा नेता रवि सतीजा ने बुधवार दोपहर 3:02 बजे अखिलेश दुबे पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें आरोप है कि अखिलेश ने रवि पर पॉक्सो की झूठी एफआईआर दर्ज कराई। धमकी देकर 50 लाख रुपये रंगदारी मांगी। इसके बाद ही पुलिस ने साकेत नगर निवासी अखिलेश दुबे को पकड़ कर पूछताछ की और रात में गिरफ्तार कर लिया। अखिलेश के साथी लवी मिश्रा को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस गुरुवार को दोनों को कोर्ट में पेश करेगी। बाकी नामजद व अज्ञात आरोपितों के अलावा अखिलेश व साथियों के मददगारों, गुर्गों को तलाश कर रही है। सूत्रों का कहना है कि बहुत जल्द ऐसे लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।
पुलिस के मुताबिक भाजपा नेता रवि सतीजा पर पिछले साल चार जनवरी को कोर्ट के आदेश पॉक्सो, रेप के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस केस में सतीजा ने खुद को फंसाने की बात कहते हुए मुख्यमंत्री से पुलिस अफसरों तक गुहार लगाई थी। बाद में घटना फर्जी पाए जाने पर केस एक्सपंज कर दिया गया था। पीड़ित रवि सतीजा लगातार आरोप लगा रहे थे कि अखिलेश दुबे और साथियों ने पॉक्सो केस वापस कराने के लिए 50 लाख रुपये मांगे। उनके प्रार्थनापत्र पर जांच एसआईटी को सौंपी गई। जांच में अखिलेश दुबे की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर बर्रा थाने लाकर पूछताछ की गई। रात में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने देर शाम प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।
डीसीपी ने बताया कि मिश्रिख सांसद अशोक रावत ने कुछ दिन पहले पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा था कि कुछ लोग संगठित गिरोह बनाकर लोगों पर दुष्कर्म, पॉक्सो के झूठे मुकदमे दर्ज करा कर रंगदारी वसूल रहे हैं। तीन मार्च को पुलिस कमिश्नर ने इस पर एसआईटी का गठन किया, जिसका प्रभारी डीसीपी क्राइम को बनाया गया। एसआईटी ने रवि सतीजा की शिकायत की भी जांच की। भाजपा नेता के आरोप सही पाए गए। बुधवार को रवि की तहरीर पर अखिलेश दुबे, निशा कुमारी, गीता कुमारी, विमल यादव, अभिषेक बाजपेई, शैलेंद्र यादव उर्फ टोनू यादव, लवी मिश्रा व अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। पूछताछ के लिए अखिलेश दुबे और लवी को थाने बुलाया गया था। पूछताछ के बाद आरोप सच पाए जाने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।





