
यूपी। लखनऊ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां आशियाना स्थित राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के स्वीमिंग पूल में रविवार रात नहाते समय 18 साल के छात्र कुशाग्र भूषण की मौत हो गई। वह अपने भाई और साथियों के साथ नहा रहा था। भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह के मुताबिक कुशाग्र कृष्णानगर इलाके के रहने वाले थे। रविवार रात करीब आठ बजे वह अपने भाई प्रणव और तीन साथियों के साथ राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के स्वीमिंग पूल में नहाने गए थे। सभी नहा रहे थे। काफी देर तक जब कुशाग्र नहीं दिखा तो साथियों और उनके भाई ने खोजबीन की। खोजबीन के दौरान देखा कि वह पीछे गहराई में पड़ा है। आनन फानन पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को स्वीमिंग पूल से निकलवाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
कुशाग्र के परिवारीजनों ने अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इंस्पेक्टर ने बताया कि स्वीमिंग विश्वविद्यालय के परिसर में है पर प्रबंधन ने उसे किराए पर दे रखा है। वहीं, छात्र कुशाग्र के परिवारीजनों ने स्वीमिंग पूल को किराए पर चला रहे लोगों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घरवालों का कहना है कि पूल में संचालन के लिए लगने वाले गार्ड नहीं थे। पूल का संचालन कर रहे लोगों की लापरवाही से हादसा हुआ है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि स्वीमिंग परिसर में लगे सीसी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज से साक्ष्य संकलन किए जाएंगे कि हादसा कैसे हुआ? छात्र के परिवारजन जो भी तहरीर देंगे उसके आधार पर मामले की तफ्तीश कर कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को इस संबंध में पूल का संचालन कर रहे जिम्मेदारों और गार्डों से पूछताछ की जाएगी।





