भारत

साल 2019 में कुल्लू रहा था मतदान में आगे

Shantanu Roy
26 April 2024 9:23 AM GMT
साल 2019 में कुल्लू रहा था मतदान में आगे
x
कुल्लू। वर्ष 2019 का मंडी संसदीय क्षेत्र का लोकसभा चुनाव रोचक रहा था। संसदीय क्षेत्र के चुनाव में इतिहास में पहली बार जीत-हार का आंकड़ा चार लाख से ज्यादा पहुंचा था। वहीं, मंडी संसदीय क्षेत्र के 17 विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो कुल्लू विधानसभा क्षेत्र मतदान करने में पहले स्थान पर था। जबकि सराज विधानसभा क्षेत्र दूसरे और नाचन विधानसभा क्षेत्र तीसरे स्थान पर रहा था। मजबूत लोकतंत्र बनाने के लिए कुल्लू के मतदाताओं ने बढ़-चढक़र मतदान किया था। लिहाजा, कुल्लू में मतदान को लेकर लोग बाकी विधानसभा क्षेत्र के मुकाबले जागरूक दिखे। इस विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा चुनाव के लिए कुल मतदान 64873 हुआ था। भाजपा को 43414 और कांग्रेस के खाते में 18746 मत पड़े थे। हालांकि कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के विधायक थे, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी को लीड नहीं दे पाए।

वहीं, सराज विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो लोकसभा चुनाव में मतदान करने में यह दूसरे स्थान पर रहा है। यहां पर कुल वोटिंग 63742 हुई थी। भाजपा को 49166 और कांग्रेस को 12017 वोट पड़े थे। हालांकि भाजपा यहां पर अपने प्रत्याशी को लीड देने में अव्वल रही थी। वहीं, तीसरे स्थान पर नाचन विधानसभा क्षेत्र रहा है। यहां पर कुल वोटिंग 63343 हुई थी। यहां पर कांग्रेस को 17361 और भाजपा के खाते में 43756 वोट पड़े थे। लिहाजा, कुल्लू, सराज और नाचन के मतदाता 2019 में मतदान के लिए काफी जागरूक दिखे हैं। मंडी हिमाचल प्रदेश की सबसे बड़ी लोकसभा सीट है। इस संसदीय क्षेत्र में 17 विधानसभा क्षेत्र पड़ते हैं। 2019 के आम लोकसभा चुनाव में मंडी क्षेत्र सुर्खियों में रहा है। इस क्षेत्र के लोगों ने मतदान में बढ़-चढक़र भागीदारी सुनिश्चित की थी। इस निर्वाचन क्षेत्र में वर्ष 2019 में 77.32 मतदान हुआ। भाजपा उम्मीदवार ने 647189 वोट हासिल करते हुए 4,05, 459 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। कांग्रेस प्रत्याशी को 2,41,730 वोटों से ही संतुष्टि करनी पड़ी थी।
Next Story